{"_id":"5f83787a-ac4e-11e2-93d9-d4ae52bc57c2","slug":"hockey-team-will-play-world-hockey-league-without-playing-any-tournament","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिना टूर्नामेंट के वर्ल्ड हॉकी लीग-3 में उतरेगी टीम","category":{"title":"Hockey","title_hn":"हॉकी","slug":"hockey"}}
बिना टूर्नामेंट के वर्ल्ड हॉकी लीग-3 में उतरेगी टीम
नई दिल्ली/हेमंत रस्तोगी
Updated Wed, 24 Apr 2013 01:15 AM IST
विज्ञापन
वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग के लिए खेले जाने वाले महत्वपूर्ण टूर्नामेंट वर्ल्ड हॉकी लीग-3 से पहले कोई तैयारी टूर्नामेंट नहीं खेलना हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं की चिंता का सबब बन गया है।
विज्ञापन
आनन फानन में 13 से 23 जून को रोटरडम (नीदरलैंड) में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट से पहले क्लब मैच खेलने के लिए भारतीय टीम को इसी शहर में भेजा जा रहा है। लेकिन चयनकर्ताओं का मानना है कि इस दौरान पाकिस्तान के साथ प्रस्तावित टेस्ट श्रंखला होती तो टीम की तैयारियां पूरी तरह परखी जा सकती थीं।
विज्ञापन
दिल्ली में फरवरी में हुई वर्ल्ड हॉकी लीग-2 के बाद भारत की मुख्य टीम ने अब तक एक भी टूर्नामेंट नहीं खेला है। हालांकि बीच में अजलान शाह टूर्नामेंट खेलने टीम मलेशिया जरूर गई थी। लेकिन यह मुख्य टीम नहीं थी। 16 अप्रैल को बंगलूरू में हुए ट्रायल के दौरान चयनकर्ताओं ने इस महत्वपूर्ण आयोजन से पहले कोई भी बड़ा टूर्नामेंट नहीं खेले जाने पर निराशा जताई है।
विज्ञापन
पाकिस्तान दौरा रद्द होने की भरपाई पूरी करने के लिए हॉकी इंडिया ने 27 अप्रैल से नौ मई तक टीम को रोटरडम भेजने का फैसला किया है। लेकिन यहां भी टीम किसी देश के साथ नहीं बल्कि वहीं के क्लबों के साथ पांच मैच खेलकर अपनी तैयारियां परखेगी।
सूत्रों की मानें तो चयनकर्ताओं समेत कोच माइकल नॉब्स इससे खुश नहीं हैं। सरकारी पर्यवेक्षक ओलंपियन हरबिंदर सिंह का कहना है कि यह सही है कि बिना टूर्नामेंट के तीन माह का अंतराल काफी बड़ा है। लेकिन इसके लिए पाकिस्तान के साथ टेस्ट मैच श्रंखला रद्द होना कारण है।
हॉकी इंडिया की ओर से दूसरे देशों के साथ टेस्ट मैच की योजना बनाई गई थी लेकिन सभी टीमों ने अपने कार्यक्रम पहले से निर्धारित कर रखे। जिसके चलते रोटरडम में क्लबों के साथ मैचों के खेलने की योजना बनाई गई है।