डॉटर्स डे पर कश्मीर की बेटियों के लिए महिला फुटबॉल टीम, रियल कश्मीर ने की टीम के गठन की घोषणा
रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब (आरकेएफसी) ने डॉटर्स डे पर अपने प्रशंसकों को शानदार उपहार देते हुए महिला टीम के गठन की घोषणा की है। यह टीम राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लेगी। आरकेएफसी के चेयरमैन संदीप चट्टू ने इस महिला टीम की जिम्मेदारी अपनी पत्नी पूनम को दी है। उन्होंने कहा कि हालांकि पूनम खेल पृष्ठभूमि से नहीं हैं लेकिन वह आईलीग में आरकेएफसी टीम की तैयारियों को जरूर देखती रही हैं। उनका मानना है कि यदि घाटी की लड़कियों को मौका मिले तो वह खेल की दुनिया में लंबा सफर तय कर सकती हैं।
आयुवर्ग टीमों के लिए पंजीकरण शुरू :
पूनम ने कहा कि कश्मीर की लड़कियां बिना मदद के कितना कुछ कर रही हैं और अब आरकेएफसी चैनल के जरिए हमारा प्रयास उनकी क्षमता को सही दिशा देने का है। उन्होंने बताया कि अंडर-10 और अंडर-14 टीम के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण जारी है। हमें शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। आईलीग में टीम की सफलता के बाद हमें महिला टीम के गठन को लेकर काफी ईमेल और अनुरोध मिले हैं। डीपीएस श्रीनगर के साथ हम संयुक्त फुटबॉल टीम बनाएंगे जो राष्ट्रीय स्तर पर खेलेगी।
संदीप चट्टू, चेयरमैन आरकेएफसी
यह टीम जम्मू एवं कश्मीर की बेटियों के लिए है। हमारा मानना है कि लड़कियों में खेल के लिए अपार क्षमता होती है और अगर उन्हें सही प्रशिक्षण मिले तो वे बड़ी मंजिल हासिल कर सकती हैं।
विज्ञापन विज्ञापन