एक रेडकार्ड से नहीं थम सकते रोनाल्डो, फ्रोसिनोन को हराने में युवेंटस की ओर से अहम भूमिका
गोलमशीन क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने चैंपियंस लीग में रेडकार्ड मिलने के गम से निजात पाते हुए अपने क्लब युवेंटस को फ्रोसिनोन के खिलाफ 2-0 से मिली जीत में एक गोल कर मदद की।
रोनाल्डो ने 81वें मिनट में गोल किया जबकि इंजरी टाइम के चौथे मिनट में हुए फेडरिको के टीम के दूसरे गोल में भी उनका योगदान शामिल रहा।
पुर्तगाल के इस स्टार फुटबॉलर ने शुरुआत में कई बार विपक्षी टीम पर हमला बोलो और अंतत: नौवें मिनट में उन्हें सफलता मिली।
पांच बार के बेलन डि ओर अवॉर्ड के विजेता रोनाल्डो ने पिछले हफ्ते सासुओलो के खिलाफ 2-1 की जीत में भी गोल किया था।
उसके बाद बुधवार को चैंपियंस लीग में वेलेंसिया के खिलाफ मैच में उन्हें रेडकार्ड दिखाया गया था। हालांकि युवेंटस 2-0 से मैच जीतने में सफल रही थी।
03: गोल है रोनाल्डो का पांच लीग मैचों में नए क्लब युवेंटस के लिए
15: अंक हैं युवेंटस के सीरी ए के पांच मैचों में और टीम ने अब तक सात गोल किए हैं
पांच मैचों से अजेय है युवेंटस
पांच मैचों से युवेंटस की जीत का सिलसिला जारी है। युवेंटस की टीम ही एकमात्र सीरी ए में ऐसी एकमात्र टीम है जिसने अपना कोई मैच अब तक नहीं गंवाया है। उसके पांच मैचों में 15 अंक हो चुके हैं जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद नेपोली उससे 3 अंक पीछे है।
नेपोली ने रविवार को टोरिनो को 3-1 से मात दी थी जिसमें लोरेंजो ने दो गोल किए थे। सात बार की चैंपियन युवेंटस और गत उपविजेता नेपोली के बीच तुरिन में अगले शनिवार को मुकाबला होगा। जबकि फ्रोसिनोन के खिलाफ अब तक 12 गोल हो चुके हैं और टीम महज एक अंक के साथ तालिका में सबसे निचले स्थान से एक पायदान ऊपर है।
मेसी के गोल के बावजूद बार्सिलोना ने खेला ड्रॉ
बार्सिलोना को मेसी ने 19वें मिनट में बढ़त दिलाई लेकिन स्टुआनी के 45 और 51 वें मिनट में किए गोलों से गिरोना ने एक समय 2-1 की बढ़त बना ली थी। पिक्यू ने 63वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना को बराबरी दिलाई वर्ना टीम को कैंप नाऊ में हार का सामना भी करना पड़ सकता था।
बार्सिलोना पहले हाफ में दस खिलाड़ियों से खेलने को विवश थी। क्लेमेंट लेंगलेट को विपक्षी टीम के खिलाड़ी को कोहनी मारने पर रेडकार्ड दिखाया गया। वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वार) तकनीक की मदद भी ली गई थी। इससे बड़ा फर्क पड़ा।
गिरोना ने पहले हाफ के अंत में ही बराबरी हासिल कर ली थी। उरुग्वे के स्टुआनी ने गिरोना के लिए गोल किया। बार्सिलोना अंक तालिका में रियल मैड्रिड के साथ 13 अंकों के साथ बराबरी पर आ गई है। हालांकि गोल अंतराल बार्सिलोना का अच्छा है। गिरोना छठे पायदान पर आ गई है।