Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   Romelu Lukaku announces international retirement after 16 years with Belgium All you need to know

फुटबॉल जगत को बड़ा झटका: बेल्जियम के स्टार स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने लिया संन्यास, 135 मैचों में दागे 94 गोल

Mon, 16 Nov 2026 08:02 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 16 Nov 2026 08:02 PM IST
सार

बेल्जियम के स्टार स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर को अलविदा कह दिया है। उन्होंने बेल्जियम के लिए 135 मैचों में रिकॉर्ड 94 गोल किए। लुकाकू ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर अपने साथियों, कोचों और प्रशंसकों का आभार जताया। वह चार विश्व कप और तीन यूरोपीय चैंपियनशिप में बेल्जियम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

विज्ञापन
Romelu Lukaku announces international retirement after 16 years with Belgium All you need to know
रोमेलु लुकाकू - फोटो : Xinhua via IANS

विस्तार

बेल्जियम के दिग्गज स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। इसके साथ ही बेल्जियम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले लुकाकू का 16 साल लंबा शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया। उन्होंने अपने करियर में बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम के लिए 135 मुकाबले खेले और रिकॉर्ड 94 गोल किए। लुकाकू ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए संन्यास की जानकारी दी। उन्होंने अक्टूबर में फ्रांस के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। इस मैच में बेल्जियम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन


बेल्जियम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं लुकाकू
रोमेलु लुकाकू बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम के सबसे सफल गोल स्कोरर रहे हैं। उन्होंने 135 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 94 गोल दागे। इस सूची में केविन डी ब्रुइन 41 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो लुकाकू से आगे पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146 गोल), अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (126 गोल), ईरान के अली दाई (108 गोल) और भारत के सुनील छेत्री (95 गोल) हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

Romelu Lukaku announces international retirement after 16 years with Belgium All you need to know
रोमेलु लुकाकू - फोटो : Xinhua via IANS
चार विश्व कप और तीन यूरो कप में किया बेल्जियम का प्रतिनिधित्व
अपने संन्यास संदेश में लुकाकू ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की। उन्होंने अपने साथियों, कोचों और प्रशंसकों का आभार जताया। लुकाकू ने कहा, 'मैंने इन 16 वर्षों में राष्ट्रीय टीम के लिए अपना सब कुछ दिया। इस दौरान हर तरह की भावनाओं से गुजरा और मुझे शानदार साथी मिले। मैं उन सभी का हमेशा आभारी रहूंगा। उन सभी कोचों का भी धन्यवाद, जिन्होंने मुझे प्रेरित किया और मुझ पर भरोसा जताया।'

उन्होंने आगे कहा कि बेल्जियम के प्रशंसकों से मिले समर्थन को वह कभी नहीं भूलेंगे। उन्हें गर्व है कि उन्होंने चार फीफा विश्व कप और तीन यूरोपीय चैंपियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। लुकाकू ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं और उनका अंतरराष्ट्रीय सफर बेहद शानदार रहा।
विज्ञापन

Romelu Lukaku announces international retirement after 16 years with Belgium All you need to know
रोमेलु लुकाकू - फोटो : Xinhua via IANS
बेल्जियम फुटबॉल एसोसिएशन ने की जमकर तारीफ
लुकाकू के संन्यास पर बेल्जियम फुटबॉल एसोसिएशन ने भी उनकी उपलब्धियों की सराहना की। एसोसिएशन ने कहा कि अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्रीय टीम के प्रति गहरे जुड़ाव के कारण लुकाकू ने बेल्जियम फुटबॉल के इतिहास में खास जगह बनाई है। एसोसिएशन के मुताबिक, महज 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने से लेकर दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका सफर युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

बेल्जियम की गोल्डन जनरेशन का रहे अहम हिस्सा
रोमेलु लुकाकू बेल्जियम की चर्चित 'गोल्डन जनरेशन' का अहम हिस्सा रहे हैं। इस पीढ़ी में केविन डी ब्रुइन, थिबॉट कोर्टुआ और ईडन हेजार्ड जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल रहे हैं। हाल ही में रविवार को नेशंस लीग में इटली के खिलाफ बेल्जियम की 4-1 की शानदार जीत के दौरान लुकाकू टीम का हिस्सा थे, हालांकि उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। लुकाकू के संन्यास के साथ ही बेल्जियम फुटबॉल के एक शानदार अंतरराष्ट्रीय अध्याय का अंत हो गया है। 94 गोल और 135 मैचों का उनका रिकॉर्ड लंबे समय तक याद किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed