Diogo Jota Dies: लिवरपूल-पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत, 10 दिन पहले हुई थी शादी
जोटा हाल ही में नेशंस लीग कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। पुर्तगाल की टीम ने फाइनल में स्पेन को हराकर खिताब जीता था। वह लिवरपूल फुटबॉल क्लब के साथ भी कई खिताब जीत चुके हैं।
विस्तार
पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने जोटा और उनके भाई आंद्रे की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया, 'पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ और पूरा पुर्तगाली फुटबॉल डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मृत्यु से पूरी तरह स्तब्ध है। पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ डिओगो और आंद्रे सिल्वा के परिवार और दोस्तों के साथ-साथ लिवरपूल एफसी और एफसी पेनाफिल के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है, जिन क्लबों में ये खिलाड़ी क्रमशः खेलते थे। हमने दो चैंपियन खो दिए हैं। डिओगो और आंद्रे सिल्वा का निधन पुर्तगाली फुटबॉल के लिए अपूरणीय क्षति है और हम उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।'
जोटा ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में शादी की तस्वीरें डाली थीं। उन्होंने रुटे कार्डोसो के साथ तस्वीरें डालीं थीं और कैप्शन में लिखा था- 22 जून 2025, हमेशा के लिए हां।' उन्होंने शादी का वीडियो भी डाला और लिखा- मैं इस दिन को कभी नहीं भूल सकता। जोटा की अचानक मौत से दुनिया भर के फैंस स्तब्ध और परेशान हैं। फैंस शोक जता रहे हैं।