मैनचेस्टर यूनाईटेड के पॉल पोग्बा कोरोना वायरस पॉजिटिव, फ्रांस की फुटबॉल टीम से बाहर
फ्रांस के मिडफील्डर पॉल पोग्बा कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं और उन्हें राष्ट्रीय फुटबॉल टीम से बाहर कर दिया गया है। कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने गुरुवार को यह जानकारी दी। डेसचैम्प्स ने कहा, ‘मुझे अंतिम लम्हें में बदलाव करना पड़ा क्योंकि पॉल पोग्बा को टीम में होना चाहिए था।’ उन्होंने कहा, ‘उसके लिए दुर्भाग्यूपर्ण है कि कल उसका परीक्षण हुआ जिसका नतीजा आज सुबह पॉजिटिव आया।’ स्वीडन और क्रोएशिया के खिलाफ होने वाले आगामी नेशन्स लीग क्वालीफायर में फ्रांस की टीम में मैनचेस्टर यूनाईटेड के इस मिडफील्डर की जगह रेनेस के 17 साल के मिडफील्डर एडवर्डो कामाविंगा लेंगे।
खिलाड़ियों के कोविड-19 पॉजिटिव आने से यूरोपा लीग मैच स्थगित
इस्राइल में गुरुवार को यूरोपा लीग का मैच स्थगित कर दिया गया क्योंकि दौरा करने वाले बोस्निया-हर्जेगोविना के फुटबॉल क्लब खिलाड़ियों को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। वायरस मामलों के कारण यह इस महीने में चैंपियंस लीग या यूरोपा लीग क्वालीफाइंग का पांचवां मुकाबला है, जिसे स्थगित किया गया है। मकाबी हाइफा और जेलजेननिकार दोनों क्लबों ने गुरूवार को बयान पोस्ट किए कि उनका मैच इस्राइल स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्थगित कर दिया है। बोस्नियाई क्लब ने कहा कि उसके पांच खिलाड़ियों को बुधवार को मैच से पहले होने वाली यूएफा की अनिवार्य कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया है, जिनमें कोई लक्षण नहीं थे। टीम यूएफा के फैसले का इंतजार कर रही है कि आगे क्या किया जाए।