India vs Kuwait: सुनील छेत्री आखिरी मैच में नहीं कर सके कोई गोल, गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ भारत-कुवैत मैच
India vs Kuwait Football, FIFA World Cup Qualifier: भारतीय टीम सुनील छेत्री को एक यादगार विदाई नहीं दे सकी। कुवैत के खिलाफ मैच के समाप्त होने के साथ ही छेत्री का अंतरराष्ट्रीय करियर भी समाप्त हो गया।
विस्तार
छेत्री इंजरी टाइम समेत पूरे मैच में मैदान पर रहे। मैच ड्रॉ होने के बाद भारतीय खिलाड़ी छेत्री को अच्छी विदाई नहीं देने पर भावुक हो गए। वहीं, सुनील छेत्री ने लैप ऑफ ऑनर लिया और वह भावुक हो गए। उनकी आंखों में आंसू थे। भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
पहले हाफ गोलरहित छूटा
भारत और कुवैत के बीच मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा, जिसमें छेत्री का ज्यादा योगदान देखने को नहीं मिला। मुकाबले की शुरुआत कुवैत के दबदबे से हुई। चौथे ही मिनट में मोहम्मद दाहम ने राइट फुटर के जरिए गोल पर निशाना साधा। कुछ सेकंड बाद ही कुवैत को पहला कॉर्नर मिला। 11वें मिनट में भारत को पहला कॉर्नर मिला, लेकिन बेकार गया। इसके बाद अनिरुद्ध थापा ने गोल के मुहाने पर क्रास फेंका, लेकिन अनवर अली का हेडर बाहर चला गया। 26वें मिनट में भी अनवर के हेडर को खूबसूरती से बचाया गया। भारत को पहले हाफ में कुल तीन कॉर्नर मिले, जबकि आठ बार उसने गोल पर निशाना साधा।
रहीम गोल करने से चूके
दूसरे हाफ में इगोर स्टिमेच ने अनिरुद्ध थापा के स्थान पर रहीम अली और अब्दुल साहल समद के स्थान पर ब्रेंडन फर्नांडीज को उतारा। 48वें मिनट में रहीम अली को गोल का अच्छा अवसर मिला। उनके सामने गोलकीपर अब्दुलगफूर थे, लेकिन उनके जमीनी शॉट को गोलकीपर ने आसानी से रोक लिया। 60वें मिनट में भारत को कॉर्नर मिला। ब्रेंडन की किक पर छेत्री ने प्रयास की कोशिश की, लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच पाए। भेके के प्रयास को अब्दुलगफूर ने रोक लिया।
छेत्री बीते वर्ष सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में कुवैत को पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से हराने में अहम भूमिका निभाई थी। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में एक लाख दर्शकों के बीच उन्होंने फिर से टीम इंडिया को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं कर सके। भारत-कुवैत मैच की शुरुआत शाम सात बजे हुई।
Gearing up for the clash! The Starting XI and subs were announced for the India vs Kuwait clash.
Let's get behind the lads and cheer them on to victory!#IndianFootball #BlueTigers #bleedblue #BlueTigers #sunilchhetri #fifawcqualifiers pic.twitter.com/FbxpJAW8yc
भारतीय टीम की सबसे बड़ी परेशानी ग्रुप में अफगानिस्तान के साथ रहे पिछले दो मुकाबले रहे हैं। पहला मैच गोलरहित ड्रॉ छूट और दूसरा मैच उसे गुवाहाटी में निचले रैंक के अफगानिस्तान से 1-2 से हारना पड़ा। भारत के इस वक्त ग्रुप ए में पांच अंक हैं और गोल औसत के आधार पर वह कतर (12 अंक) के बाद दूसरे स्थान पर है। अब भारत का क्वालिफायर में 11 जून को कतर से सामना होगा। इस मैच के नतीजे से भारत के भविष्य का फैसला होगा।