FIFA U-17 WC: पहले मैच में दिल जीत लेना चाहेगी टीम इंडिया, अमेरिका से मिलेगी चुनौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फुटबॉल के महाकुंभ फीफा अंडर-17 वर्ल्डकप का आगाज आज राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा। फुटबॉल के इतिहास में यह सबसे बड़ा आयोजन है क्योंकि भारत पहली बार इस टूर्नामेंट का मेजबानी कर रहा है। इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत सहित विश्व की 24 दिग्गज टीमें भाग ले रही हैं।
23 दिन तक चलने वाले अंडर 17 वर्ल्ड कप में इन 24 टीमों को 6 ग्रुप में बांटा गया है। टूर्नामेंट में कुल 52 मैच देश के 6 शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें नई दिल्ली, नवी मुंबई, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी और कोलकाता शामिल हैं। भारतीय टीम की कप्तानी मणिपुर के अमरजीत सिंह कियाम कर रहे हैं। भारतीय टीम को ग्रुप ए में अमेरिका, कोलंबिया और घाना के साथ रखा गया है। भारत का पहला मुकाबला आज शाम 8 बजे से अमेरिका के खिलाफ होगा।
पढ़ेंः- FIFA U-17 WC: सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम को दिया स्पेशल मैसेज
टीम इंडिया के कप्तान अमरजीत सिंह ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ होने वाले पहले मैच में टीम अपना सौ प्रतिशत देगी। उन्होंने कहा कि टीम ने पिछले तीन वर्षों से घर छोड़कर त्याग किया है और वह इस त्याग को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। जानकारी के मुताबिक पहले मैच में बोरिस सिंह नहीं खेलेंगे। उन्हें पिछले साल एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप मैच में रेड कार्ड दिखाया गया था, जिसके कारण वह इस मुकाबले से बाहर रहेंगे।
भारत की टीम सबसे मेहनती- हैकवर्थ
वहीं, टीम इंडिया के कोच माटोस ने कहा कि बोरिस की जगह धीरज सिंह को लिया गया है। उनसे काफी प्रैक्टिस कराई गई। इस मैच में डिफेंडर के रुप में नामित देशपांडे और अनवर अली पर नजरें रहेंगी। जबकि मिडफिल्डर के रुप में कप्तान अमरजीत सिंह और कोमल थाटल पर धयान रखा जाएगा। वहीं फॉरवार्ड लाइन में अनिकेत जाधव पर भरोसा जताया जा रहा है। कोच मातोस का साफ कहना है कि उनकी टीम पूरी तरह से तैयार है। उनकी ओर से इतिहास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ा जाएगा।
उधर, अमेरिकी कोच हैकवर्थ ने कहा है कि भारत की टीम सबसे मेहनती है। वो भारतीय टीम से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि जब पिछले साल भारतीय टीम उनके टीम के साथ खेली थी तब भी उतनी मजबूत थी। उनका कहना है कि आज भी भारतीय टीम अपना अच्छा प्रदर्शन करेंगी।
बता दें कि पुर्तगाली कोच लुइस नॉर्टन डि मातोस के सानिध्य और अमरजीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम अमेरिका के खिलाफ दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला शाम 8 बजे से खलेगी। इस मौके पर पीम नरेंद्र मोदी भारतीय टीम की हौसला आफजाई के लिए मौजूद रहेंगे। साथ ही देश के तमाम दिग्गज शिरकत करेंगे।