फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao

FIFA World Cup Day 3: कतर की आखिरी मिनट में वापसी, ब्राजील का संघर्ष; जर्मनी का दमदार आगाज

Mon, 15 Jun 2026 12:59 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वैंकूवर
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वैंकूवर Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Mon, 15 Jun 2026 12:59 AM IST
सार

फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे दिन कतर ने स्विट्जरलैंड और मोरक्को ने ब्राजील को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। स्कॉटलैंड ने 32 साल बाद विश्व कप में जीत दर्ज करते हुए हैती को 1-0 से हराया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने तुर्किये को 2-0 से मात दी। दिन के अंतिम मुकाबले में जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

विज्ञापन
FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
फीफा विश्व कप - फोटो : fifa.com

विस्तार

फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में रोमांच और बड़े उलटफेर देखने को मिले। कतर ने इंजरी टाइम में गोल कर स्विट्जरलैंड को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया, जबकि मोरक्को ने ब्राजील को कड़ी टक्कर देते हुए 1-1 की बराबरी पर मैच खत्म किया। स्कॉटलैंड ने 32 साल बाद विश्व कप में वापसी करते हुए हैती को 1-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया ने तुर्किये को 2-0 से मात देकर पूरे तीन अंक हासिल किए। दिन के अंतिम मुकाबले में जर्मनी ने विश्व कप में पदार्पण कर रही कुराकाओ को 7-1 से रौंदकर अपने अभियान का दमदार आगाज किया। इस तरह तीसरे दिन दो मैच ड्रॉ रहे, जबकि स्कॉटलैंड, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी ने जीत दर्ज की। आइए जानते हैं तीसरे दिन अब तक क्या-क्या हुआ...

विज्ञापन

FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
कतर बनाम स्विट्जरलैंड - फोटो : Fifa.com
इंजरी टाइम में कतर ने की वापसी
फीफा विश्व कप के तीसरे दिन सबसे पहले कतर का सामना स्विट्जरलैंड से हुआ। बौलेम खौखी के दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के चौथे मिनट में किए गए गोल की मदद से कतर ने ग्रुप बी में मजबूत दावेदार माने जा रहे स्विट्जरलैंड को 1-1 से ड्रॉ पर रोका। ब्रील एम्बोलो ने 17वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर स्विट्जरलैंड को बढ़त दिलाई। एक समय उसकी जीत सुनिश्चित लग रही थी लेकिन अंतिम सीटी बजाने से कुछ देर पहले लेवी स्टेडियम में 67,966 दर्शकों के सामने खेले गए मैच में खौखी ने हेडर से बराबरी का गोल दागकर कतर को विश्व कप में अपना पहला अंक दिलाया। कतर चार साल पहले अपने देश में विश्व खेले गए विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था और यहां पहले मैच में वह बहुत प्रभावित नहीं कर पाया। स्विट्जरलैंड की टीम ने गोल करने के कुछ अच्छे मौके गंवाए जिसके कारण उसे एक अंक से संतोष करना पड़ा। कतर के कई खिलाड़ी मैच के आखिर में किए गए गोल का जश्न मनाते हुए जमीन पर गिर पड़े, जबकि अन्य खिलाड़ी एक-दूसरे को गले लगाने के लिए दौड़ पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन

FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : @FIFAcom
मोरक्को ने ब्राजील को चौंकाया
पांच बार की चैंपियन ब्राजील की टीम फुटबॉल विश्व कप के अपने पहले मैच में असली रंग में नहीं दिखी और मोरक्को के खिलाफ ग्रुप सी के मैच में शुरू में पिछड़ गई। लेकिन विनिसियस जूनियर के गोल की बदौलत 1-1 से ड्रॉ हासिल करने में सफल रही। ब्राजील 2002 से खिताब नहीं जीत पाया है और उस पर इसका दबाव स्पष्ट नजर आ रहा था। दूसरी तरफ मोरक्को की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। मोरक्को की टीम ने पहले 30 मिनट में ब्राजील के गोल पर 12 शॉट लगाए। उसने इस बीच इस्माइल सैबारी के 21वें मिनट में किए गए गोल से बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से एक शानदार चिप शॉट से यह गोल किया। विनिसियस जूनियर ने 32वें मिनट में बराबरी का गोल किया। विनिसियस बाएं छोर से ब्रूनो गुइमारेस के साथ पास का आदान-प्रदान करके आगे बढ़े। उन्होंने नील एल ऐनाउई को चकमा दिया और गोलकीपर यासीन बोनू को छकाते हुए दाहिने पैर से शॉट मारकर अपना 10वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया। ब्राजील भले ही जीत नहीं पाया, लेकिन उसने स्पेन से 1934 में मिली हार के बाद से विश्व कप के शुरुआती मैच में अपने अजेय अभियान को 21 मैचों तक बढ़ा दिया है, जिसमें 17 जीत शामिल हैं।
विज्ञापन

FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
फीफा विश्व कप - फोटो : fifa.com
स्कॉटलैंड की विश्व कप में शानदार वापसी
स्कॉटलैंड ने ग्रुप सी के मुकाबले में जीत से शुरुआत से की। स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराया और पूरे तीन अंक जुटाए। स्कॉटलैंड ने इस तरह विश्व कप फुटबॉल में 32 साल बाद शानदार वापसी की। स्कॉटलैंड 1998 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रहा है। उसने 1990 के बाद विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की। तब उसने स्वीडन को 2-1 से हराया था। वह फिलहाल ग्रुप सी में शीर्ष पर है। स्कॉटलैंड के लिए जॉन मैकगिन ने 28वें मिनट में गोल दागा जो अंत तक निर्णायक साबित हुआ। पहले हाफ के बाद दोनों टीमों ने दूसरे हाफ में गोल करने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
फीफा विश्व कप - फोटो : FIFA.com
ऑस्ट्रेलिया की एकतरफा जीत
ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप डी के मुकाबले में तुर्किये को एकतरफा अंदाज में 2-0 से हराया। तुर्किये की टीम पूरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को चुनौती नहीं दे सकी। ऑस्ट्रेलिया को पहले हाफ में नेसट्रोरी इरांकुडा ने बढ़त दिलाई। पॉल ओकोन इंग्सिटलर के पास पर इरांकुडा ने तुर्किये के डिफेंस को भेदा और गेंद को गोल पोस्ट के पार भेजा। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पहले हाफ में तुर्किये से 1-0 की बढ़त बनाए रखी। इसके बाद दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त दोगुनी कर ली। ऑस्ट्रेलिया के लिए कोनोर मैटकेल्फे ने 75वें मिनट में गोल किया। ऑस्ट्रेलिया ने इस बढ़त को अंत तक बनाए रखा।  

FIFA World Cup Day 3 Highlights Football Matches Result Today AUS vs TURK and GER vs Curacao
जर्मनी बनाम कुराकाओ - फोटो : Fifa.com
जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदा
जर्मनी ने फीफा विश्व कप 2026 में डेब्यू कर रही कुराकाओ को 7-1 से करारी शिकस्त देकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। जर्मनी की ओर से फेलिक्स नेमेचा ने छठे मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज के बेहतरीन पास पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि कुराकाओ ने 21वें मिनट में लिवानो कोमेनेंसिया के गोल की बदौलत बराबरी कर ली। यह विश्व कप इतिहास में कुराकाओ का पहला गोल भी रहा। इसके बाद जर्मनी ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। 38वें मिनट में निको श्लोटरबेक ने कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर स्कोर 2-1 कर दिया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में मिले पेनल्टी मौके को काई हैवर्ट्ज़ ने गोल में बदलकर जर्मनी को 3-1 की बढ़त दिलाई।

दूसरे हाफ में जमाल मुसियाला ने 48वें मिनट में गोल कर बढ़त को 4-1 कर दिया। इसके बाद डेनिज उंडाव ने नाथानिएल ब्राउन के गोल में सहायता की और फिर 78वें मिनट में खुद भी गोल दागा। मैच के 88वें मिनट में हैवर्ट्ज ने अपना दूसरा गोल कर जर्मनी की 7-1 की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ जर्मनी ने विश्व कप 2026 में दमदार आगाज किया, जबकि कुराकाओ को अपने पहले विश्व कप मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने अपना पहला विश्व कप गोल दर्ज कर इतिहास रच दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed