फ्रांस की निगाहें ग्रुप में टॉप पर बने रहने की, डेनमार्क के खिलाफ मुकाबला आज
खिताब के दावेदारों में शामिल फ्रांस की टीम मंगलवार को डेनमार्क से भिड़ेगी तो उसकी निगाह ग्रुप सी में शीर्ष स्थान हासिल करने पर रहेगी। एक बार की चैंपियन टीम को अपने स्टार स्ट्राइकर एंटोनी ग्रिजमैन से बड़ी उम्मीदें हैं लेकिन अभी तक वह अपनी श्रेष्ठ फॉर्म नहीं दिखा पाए हैं। पिछले हफ्ते ग्रिजमैन ने एटलेटिको मैड्रिड से अपना करार 2023 तक बढ़ाया है जबकि बार्सिलोना क्लब भी उनमें दिलचस्पी दिखा रहा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली 2-1 की जीत में उन्होंने एक गोल पेनल्टी पर किया था। यूरो 2016 में ग्रिजमैन शीर्ष स्कोरर रहे थे। यूरो चैंपियनशिप में फ्रांस उपविजेता रहा था और ग्रिजमैन ने छह गोल किए थे। उनके पांच गोल नॉकआउट दौर में थे। वह एटलेटिको मैड्रिड को तीसरा यूरोपा लीग खिताब दिला चुके हैं। खुद ग्रिजमैन यह मानते हैं कि विश्व कप में टीम को अभी अपने प्रदर्शन में सुधार की जरूरत है।
उधर ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर रही डेनमार्क ने पहले मैच में पेरू को 1-0 से हराया। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ ड्रॉ खेला। टीम को 17 मैचों से हार नहीं मिली है। कोच हेरेड ने कहा कि फ्रांस की टीम की गिनती बेशक दावेदारों में हो लेकिन हम उन्हें कड़ी टक्कर देंगे। उन्होंने प्रदर्शनी मैचों में कितना बेहतर प्रदर्शन किया हो लेकिन विश्व कप में अभी तक अच्छा नहीं कर पाए हैं। डेनमार्क को यूसुफ पालसन को दूसरा पीला कार्ड दिखाया जा चुका है। चोटिल विलियम क्विस्ट वापसी कर सकते हैं जिनको पेरू के खिलाफ मैच में चोट लग गई थी।
क्रोएशिया से टकराव टालने की कोशिश
डिडियर डेशचेम्प की टीम पहले ही अंतिम-16 में जगह बना चुकी है और अगर ड्रॉ भी खेलती है तो ग्रुप में शीर्ष पर रहेगी। ऐसे में डेनमार्क की टीम स्वत: दूसरे स्थान पर आ जाएगी बेशक ऑस्ट्रेलिया और पेरू के मैच का नतीजा जो हो। बेयरन म्यूनिख मिडफील्डर कोरेंटिन टोलिसको नॉकआउट दौर में पहला मुकाबला क्रोएशिया से नहीं खेलना चाहते। उन्होंने कहा कि ग्रुप डी से क्रोएशिया के टॉप पर रहने की संभावना है। हम उससे अभी टकराव टालना चाहते हैं। ग्रुप डी में अन्य टीमें अर्जेंटीना, नाइजीरिया और आइसलैंड हैं।