{"_id":"59ee12334f1c1bcd538b8d6d","slug":"fifa-u-17-world-cup-semi-final-venue-shifted-from-guwahati-to-kolkata","type":"story","status":"publish","title_hn":"FIFA U-17 WC: गुवाहाटी की जगह कोलकाता को मिली ब्राजील-इंग्लैंड के सेमीफाइनल की मेजबानी ","category":{"title":"Football","title_hn":"फुटबॉल","slug":"football"}}
FIFA U-17 WC: गुवाहाटी की जगह कोलकाता को मिली ब्राजील-इंग्लैंड के सेमीफाइनल की मेजबानी
amarujala.com- Presented by: नवीन चौहान
Updated Mon, 23 Oct 2017 09:30 PM IST
विज्ञापन
फीफा अंडर-17 विश्व कप
- फोटो : fifa
ब्राजील-इंग्लैंड के बीच होने वाले फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल गुवाहाटी से छीनकर कोलकाता को दे दिया गया है। बरसात के चलते मैदान की खराब स्थिति होने के कारण फीफा ने आयोजन स्थल बदला है। फीफा ने ब्राजील और इंग्लैंड से बात करने के बाद यह फैसला लिया। दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद सेमीफाइनल की तैयारियों के लिए गुवाहाटी पहुंच गई थीं। अब दोनों ही टीमों को सोमवार की रात कोलकाता के लिए रवाना किया जा रहा है। पिच को खेलने लायक नहीं बनाने पर फीफा अंदरूनी तौर पर आयोजकों से नाराज भी है।
विज्ञापन
घाना और माली के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल में ही बरसात के चलते पिच की हालत खराब हो गई थी। घाना के कोच सैमुअल फाबिन ने तो मैच के बाद यहां तक मांग कर डाली कि यह क्वार्टर फाइनल दोबारा खेला जाना चाहिए। पिच ठीक नहीं होने के कारण उनकी टीम आक्रमण ही नहीं कर पाई। इस मैच के बाद एआईएफएफ और एलओसी ने कहा था कि सेमीफाइनल के लिए पिच तैयार कर ली जाएगी। ब्राजील और इंग्लैंड की टीमें जब आज पिच का निरीक्षण करने स्टेडियम पहुंचीं तो इंग्लैंड ने यहां खेलने में एतराज नहीं जताया, लेकिन ब्राजील ने साफ कर दिया कि उनकी टीम इस पिच पर नहीं खेलेगी। इसके बाद फीफा और एलोओसी ने सेमीफाइनल आनन-फानन में कोलकाता शिफ्ट किया। सेमीफाइनल शाम पांच बजे 25 अक्तूबर को खेला जाएगा। एलओसी का कहना है कि जिन्होंने टिकट खरीदे हैं उनका पैसा एकाउंट में भेजा जाएगा, जबकि कोलकाता सेमीफाइनल के लिए रात साढ़े आठ बजे ऑन लाइन टिकट बिक्री शुरू हो गई है।
विज्ञापन
अंडर-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी में गुवाहाटी बन सकता है रोड़ा
अब तक अंडर-17 वर्ल्ड कप की मेजबानी से फीफा काफी खुश था। खासतौर पर स्टेडियमों में जुट रही भीड़ ने उसे खासा प्रभावित किया, लेकिन गुवहाटी की इस घटना ने भारत की मेजबानी पर बड़ा दाग लगा दिया है। एआईएफएफ के एक अधिकारी का कहना है कि जब अगले वर्ष फीफा अंडर-20 वर्ल्ड की मेजबानी पर फीफा काउंसिल फैसला लेगी तो यह मामला उठने पर भारत की संभावनाओं को धक्का लगेगा। सूत्र बताते हैं कि फीफा की नाराजगी की वजह दोनों टीमों की सेमीफाइनल की तैयारियों को झटका लगना है।
विज्ञापन