13 बार की चैंपियन रियल की शुरुआती मैच में सबसे बड़ी हार, चैंपियंस लीग में पीएसजी ने 3-0 से हराया
एंजेल डि मारिया के दो गोल के दम पर पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने चैंपियंस लीग में जीत के साथ आगाज किया। पीएसजी ने 13 बार के चैंपियन रियल मैड्रिड को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित किया। यह जिनेदिन जिदान की टीम की शुरुआती मुकाबले में पिछले 14 वर्षों में पहली जबकि संयुक्त तीसरी बड़ी हार है। इससे पहले उसे 2004 और 2005 में भी इतने ही गोल से हार मिली थी। यही नहीं 2013 के बाद रियल को पहली बार लगातार हार कर सामना करना पड़ा।
अपना सौवां मैच खेल रहे रियल मैड्रिड के पूर्व खिलाड़ी मारिया ने 14वें और 33वें मिनट में, जबकि थॉमस म्यूनियर (90+1) ने इंजरी टाइम में गोल किया। मारिया चैंपियंस लीग के इतिहास में रियल मैड्रिड और बार्सिलोना के खिलाफ दो गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले मारियो जर्डेल और एंड्री शेवचेंको ही ऐसा कर पाए हैं। मारिया चैंपियंस लीग में 20 गोल कर चुके हैं। पीएसजी के खिलाफ रियल के खिलाड़ी एक भी शॉट गोलपोस्ट पर दागने में नाकाम रहे। 2003-04 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है। इस दौरान उसने 167 मैच खेल लिए।
हेरेरा ने एटलेटिको को हार से बचाया
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम जुवेंटस को एटलेटिको मैड्रिड ने घेरलू मैदान में 2-0 से पिछड़ने के बाद 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। जुवेंटस के लिए जुआन कुआडार्डो 48वें मिनट और ब्लेस मतुइदी 65वें मिनट ने गोल किए। एटलेटिको के लिए 70वें मिनट में स्टेफन सेविच और 90वें मिनट में हेक्टर हेरेरा ने गोल कर बराबरी दिलाई। रोनाल्डो हालांकि मैच में गोल करने में नाकाम रहे।