चैंपियन चिली की शाही शुरुआत, कोपा अमेरिका में जापान को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से रौंदा
एडुआर्डो वर्गास के दो शानदार गोल की बदौलत चैंपियन चिली ने जापान को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से रौंदकर कोपा अमेरिका में शानदार शुरुआत की। इस जीत के साथ चिली ग्रुप सी में तीन अंकों के साथ शीर्ष पर है।
दोनों टीमों ने शानदार शुरुआत की और 40 मिनट तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। एरिक पुलगर ने 41वें मिनट में चिली का खाता खोला और हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 था। दूसरे हाफ में चिली ने पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए एक के बाद एक तीन गोल दागकर जापान को चारों खाने चित कर दिया। वर्गास ने 54वें और 83वें मिनट में गोल कर चिली का स्कोर 3-0 कर दिया।
सांचेज ने पांच माह बाद दागा गोल
टीम के लिए चौथा गोल मैनचेस्टर यूनाइटेड के फॉरवर्ड एलेक्सि सांचेज ने 82वें मिनट में दागा। यह किसी भी टूर्नामेंट में उनका पिछले पांच माह में पहला गोल था। सांचेज ने अपना पिछला गोल 25 जनवरी को एफए कप में यूनाइटेड की ओर से खेलते हुए आर्सेनल के खिलाफ किया था।
-
खिताबी हैट्रिक पर चिली की निगाह
पिछले लगातार दो बार की चैंपियन चिली की निगाह खिताबी हैट्रिक लगाने वाली टूर्नामेंट के इतिहास की दूसरी टीम बनने पर है। चिली ने 2017 और 2018 के फाइनल में पेनाल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना के हराकर खिताब जीता था। अगर वह इस बार भी यह करिश्मा करने में सफल रहती है तो अर्जेंटीना 1945-47 के बाद लगातार तीन बार यह खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। जापान को 2020 ओलंपिक का मेजबान होने और कतर को 2022 विश्व कप की मेजबानी करने के नाते अतिथि के रूप में इस टूर्नामेंट में जगह दी गई है। जापान दूसरी बार इसमें भाग ले रहा है।