बार्सिलोना की घर के बाहर पहली जीत, गेटाफे को ला लीगा में 2-0 से हराया
कप्तान लियोनल मेसी की गैरमौजूदगी में लुईस सुआरेज और जूनियर फिर्पो के आठ मिनट के भीतर दागे गए एक-एक गोल से बार्सिलोना ने ला लीगा में गेटाफे को 2-0 से मात देकर फिर से शीर्ष पांच में जगह बना ली है। बार्सिलोना के सात मैचों में चार जीत से 13 अंक हो गए हैं और वह चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बार्सिलोना की यह इस सत्र में घर के बाहर पहली जीत है। साथ ही यह पहला मौका है जब गत चैंपियन टीम ने इस सत्र में मैच में कोई गोल नहीं खाया। सुआरेज ने 41वें मिनट ओर फिर्पो ने 49वें मिनट में गोल किए। मेसी के अलावा युवा आंसू फाती और ओस्माने डेंबले भी मैच में नहीं खेले। मेसी मंगलवार को विलारियल के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल होकर बाहर हो गए थे। यह उनका सत्र का पहला ही मुकाबला था।
रियल और एटलेटिको ने खेला गोलरहित ड्रॉ
रियल मैड्रिड ने एटलेटिको मैड्रिड को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर अपना अजेय अभियान जारी रखा है। इस डॉ से जिनेदिन जिदान की टीम तालिका में भी 15 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है। एटलेटिको और ग्रेनाडा के एक समान 14-14 अंक हैं लेकिन गोल अंतर से ग्रेनाडा दूसरे और एटलेटिको तीसरे नंबर पर है। ग्रेनाडा ने एक अन्य मैच में लेगानेस को 1-0 से मात दी।