फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Cricket player innings of 94 runs in 47 balls made team winner read sports news of Varanasi

क्रिकेट: 47 गेंदों पर इस खिलाड़ी की 94 रन की पारी से टीम बनी विजेता, पढ़ें वाराणसी की खेल की खबरें

Sat, 26 Apr 2025 03:49 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 26 Apr 2025 03:49 PM IST
सार

वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। क्रिकेट, फुटबाॅल, हैंडबाॅल, कुश्ती सहित विभिन्न खेलाें में खिलाड़ी अपना शानदार प्रदर्शन भी कर रहे हैं। अतिथियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

विज्ञापन
Cricket player innings of 94 runs in 47 balls made team winner read sports news of Varanasi
ग्रीष्मकालीन टी 20 क्रिकेट फाइनल में जीत के साथ परिचालन विभाग की टीम। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Sports News Today: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से लहरतारा मिनी स्टेडियम में आयोजित ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट शुक्रवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता का फाइनल परिचालन और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया। मैन ऑफ द मैच परिचालन विभाग के रामप्रवेश यादव ने 47 गेंद पर 16 चौके और दो छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर टीम को ट्रॉफी जिताई। इसमें 14 टीमों के 180 खिलाड़ी शामिल हुए।  

विज्ञापन


इंजीनियरिंग विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। इंजीनियरिंग विभाग के विजय ने 19 बाॅल पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बनाए। टीम के ऋषभ ने 48 बाॅल पर पांच चौके मारकर 43 रन और अजीत तिवारी ने 30 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में परिचालन के विमलेश ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट, गोविंद, रामप्रवेश और मनीष ने एक एक विकेट लिए।
विज्ञापन


जवाब में परिचालन विभाग की टीम ने 16.5 ओवर में तीन विकेट पर 168 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के रामप्रवेश यादव ने 47 गेंद पर 16 चौके और दो छक्के लगाकर सर्वाधिक 94 रन की पारी खेली। गजानन ने 35 बाॅल पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 46 रन बनाए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


गेंदबाजी में इंजीनियरिंग विभाग के अखिलेश ने दो ओवर में 23 रन देकर दो विकेट और सुभाष को एक विकेट मिला। मंडल रेल प्रबंधक विनीत श्रीवास्तव ने दोनों टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इंजीनियरिंग विभाग के विजय को मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। परिचालन के आशीष सिंह को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। अपर मंडल रेल प्रबंधक रोशन लाल यादव, राजेश सिंह, बलेंद्र पाल की मौजूदगी रही।

सनी की बल्लेबाजी से सिल्वर ग्रोव की जीत
आदर्श फाउंडेशन की ओर से पूर्वांचल क्रिकेट का पहला सेमीफाइनल शुक्रवार को जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर सिल्वर ग्रोव की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.5 ओवर में 97 रन बनाए। इसमें सनी ने सर्वाधिक 26 रन की पारी खेली।

जगतपुर इंटर कॉलेज की तरफ से निखिल, अंशु, ऋषभ ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगतपुर इंटर कॉलेज की टीम 20 ओवर में केवल 84 रन ही बना सकी। जगतपुर के अंशु ने सर्वाधिक 15 रन बनाए। सिल्वर ग्रोव के सनी ने चार ओवर में 10 रन देकर चार विकेट लिए और टीम को 13 रन से जीत दिलाई। 

Cricket player innings of 94 runs in 47 balls made team winner read sports news of Varanasi
संभागीय खेल प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

तीन स्वर्ण के साथ टॉप पर केवी बीएचयू
केंद्रीय विद्यालय बीएचयू की ओर से वाराणसी केंद्रीय विद्यालय संभागीय खेलकूद शुक्रवार को एंफीथियेटर मैदान पर खेली गई। दूसरे दिन हुए मुकाबले में सर्वाधिक पदक जीत केवी बीएचयू की टीम टॉप पर है। अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में केवी बीएचयू के अंशुमान सिंह और लंबी कूद में अरविंद यादव ने स्वर्ण पदक जीता। 

अंडर-17 के तीन किमी दौड़ में केंद्रीय विद्यालय भदोही के मिथिलेश यादव जबकि ट्रिपल जंप में प्रयागराज केवी सीआरपीएस के शिवम पटेल ने सोना जीता। अंडर-19 की तीन किमी दौड़ में केवी कैंट प्रयागराज के आरुष दुबे ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 400 मीटर दौड़ में केवी चोपन के संजय यादव, चक्का फेंक में केवी बीएचयू के सार्थक गोस्वामी ने स्वर्ण पदक जीता। केवी बीएचयू के प्राचार्य एके सिंह, उप प्राचार्य शैलेंद्र कुमार और आशुतोष पांडेय माैजूद रहे। 

तैराकी में पीएसी प्रयागराज के सूरजकांत चमके
34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर की ओर से 28वी अंतर वाहिनी तैराकी शुक्रवार सुबह बीएचयू के स्वीमिंग पूल में शुरू हुई। इसका शुभारंभ आयोजन सचिव सेनानायक 34वीं वाहिनी पंकज कुमार पांडेय ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी प्रयागराज के सूरज कांत चार वर्ग में अव्वल रहे। इसमें उत्तर प्रदेश पीएसी की 10 वाहिनियों से कुल 260 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

100 मीटर फ्रीस्टाइल में 12वीं वाहिनी फतेहपुर पीएसी के शशिकांत कुश्वाहा प्रथम, 50 मीटर बैक स्ट्रोक में 34वीं वाहिनी भुल्लनपुर के ऋषभ पाठक प्रथम स्थान पर रहे। 200 मीटर फ्री स्टाइल में 42वीं वाहिनी नैनी प्रगयागराज के सूरज कांत प्रथम, 200 मीटर बैक स्ट्रोक में 4वीं वाहिनी धुमनगंज प्रयागराज वाहिनी के शिवशंकर सरोज प्रथम रहे। 

मुक्केबाजी : सेमीफाइनल में सूर्यांश, कांस्य पक्का
जिले के मुक्केबाज सूर्यांश सिंह राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उनका कांस्य पदक भी पक्का हो गया है। ग्रेटर नोएडा में खेली जा रही सातवीं यूथ अंडर-19 मुक्केबाजी में बालक वर्ग में सूर्यांश सिंह के पंच खिलाड़ियों पर भारी पड़ रहे हैं।

उन्होंने दो नॉकआउट मुकाबले जीते हैं। जिला मुक्केबाजी संघ की अध्यक्ष नीलू मिश्रा ने बताया कि इस चैंपियनशिप में यूपी का प्रतिनिधित्व कर रहे सूर्यांश सिंह ने 60 से 65 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है। सूर्यांश, मनोज प्रजापति की देखरेख में प्रशिक्षण लेते हैं। 

कबड्डी के फाइनल में पहुंचा केवी 39 जीटीसी
छावनी क्षेत्र स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में शुक्रवार को खेलकूद प्रतियोगिता हुई। प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने बताया कि 54वीं संभागीय खेलकूद के दूसरे दिन अंडर-17 कबड्डी बालक वर्ग और रस्सीकूद में प्रतियोगिताएं हुईं। कबड्डी अंडर 17 आयु वर्ग में अपने-अपने मुकाबले जीत केंद्रीय विद्यालय चेरो सलेमपुर और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी की टीम फाइनल में पहुंचीं। 

सेमीफाइनल केंद्रीय विद्यालय चेरो और केंद्रीय विद्यालय चोपन के बीच हुआ। इसमें चोपन ने 25-24 से जीत हासिल की। दूसरा मैच में केवी 39 जीटीसी 35-5 अंक से विजयी हुई। रस्सीकूद अंडर-14, 17 और 19 वर्ग में केवी 39 जीटीसी की सिद्धि, शालिनी रंजन, लक्ष्मी अदिति अंजलि और अमन, अर्थ, अविनाश ने फाइनल में जगह बनाई। 

3 साल में भी सिंथेटिक ट्रैक का नहीं हो पाया हस्तांतरण
लालपुर स्टेडियम में एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए बिछाए गए सिंथेटिक ट्रैक का हस्तांतरण किए बिना इसकी मियाद पूरी हो गई है। पिछले तीन साल से यहां खेल हो रहे हैं। अब सिंथेटिक टर्फ कई जगह से फट गया है। इसकी दरारों में फंसकर खिलाड़ी घायल हो रहे हैं। जानकारों ने अनुसार ट्रैक की उम्र 8 साल तक होती है। 

खिलाड़ी सूरज ने बताया कि 2022 से यहां खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। ट्रैक के जगह-जगह से फट जाने से यहां गड्ढे तक बन गए हैं। अधिकारियों के निर्देश पर इसकी मरम्मत भी हुई थी। खेल विभाग को हस्तांतरण होने से पहले ही इसमें दरार आ गई थी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों से सिंथेटिक ट्रैक के उखड़ने की शिकायत मिलने पर कार्यदायी संस्था को इसकी मरम्मत कराने का नोटिस भेजा गया है। 

Cricket player innings of 94 runs in 47 balls made team winner read sports news of Varanasi
रस्सी कूद स्पर्धा के विजेता खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

रस्सीकूद में महादेव पीजी कॉलेज ने स्वर्ण जीतकर लहराया परचम
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय रस्सीकूद प्रतियोगिता में काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व करते हुए महादेव पीजी कॉलेज की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। यह सफलता राजस्थान के पिंडवारा स्थित माधव विवि में 21 से 24 अप्रैल तक खेली प्रतियोगिता में हासिल की।  

प्रतियोगिता में काशी विद्यापीठ की ओर से खेलते हुए महादेव महाविद्यालय बरियासनपुर के खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया लेवल पर प्रथम स्थान पाया। इसमें महादेव पीजी कॉलेज महिला वर्ग में रिया सिंह ने डबल डच फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक, प्रियंका सिंह फ्री स्टाइल में स्वर्ण, काशी विद्यापीठ से निशु पाल ने डबल डच फ्री स्टाइल में स्वर्ण, सीतू पाल ने ऑन लेग स्विच में रजत और बंदना ने 30 सेकंड रनर में कांस्य पदक जीता। 

प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक के साथ महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में महादेव महाविद्यालय के अनंत शुक्ला ने कांस्य, आकाश राय ने स्वर्ण, शुभम कटियार ने स्वर्ण और काशी विद्यापीठ से रोहित ने स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में 25 से अधिक विवि के 250 से अधिक खिलाड़ी शामिल रहे। इसमें काशी विद्यापीठ ने पहला स्थान पाया। महादेव महाविद्यालय के प्रबंधक अजय सिंह और प्राचार्य दयाशंकर सिंह ने सभी को बधाई दी। 

Cricket player innings of 94 runs in 47 balls made team winner read sports news of Varanasi
हैंडबाॅल खेलतीं खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

आकृति की हैट्रिक समेत पांच गोल बने निर्णायक
स्टार क्लब ने शुक्रवार को रानी लक्ष्मीबाई जिला स्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के लीग दौर में यूनाइटेड क्लब को 16-12 गोल से हरा दिया। इसमें आकृति ने हैट्रिक समेत पांच गोल कर टीम के अगले चक्र में प्रवेश दिलाई। बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में खेले गए इस मैच में स्टार क्लब की तरफ से प्रीति पटेल, आयुषी पाल और सानिया ने हमला किया। 

यूनाइटेड क्लब की तनु, आरती और शिल्पा ने काउंटर अटैक किया। हॉफ टाइम तक स्कोर 8-8 रहा। दूसरे हाफ में स्टार क्लब की आकृति प्रजापति ने पांच जबकि सुहानी प्रजापति चार गोल कर टीम का स्कोर 16 कर दिया जबकि यूनाइटेड क्लब की नैंसी ने दो और श्रेया दो गोल कर टीम का स्कोर 12 कर दिया। स्टार क्लब ने 16-12 के स्कोर से मैच जीत लिया। 

रिजल्ट के दिन पायल ने जीता सोना, बोर्ड में मिले 72% अंक
राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती में वाराणसी की अखरी निवासी पायल यादव ने इस बार स्वर्ण पदक जीत लिया है। 2024 में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। दिल्ली में हुई 68वें राष्ट्रीय कुश्ती में यूपी का प्रतिनिधित्व करने वाली वाराणसी की पायल ने स्वर्ण जीता जबकि आकांक्षा यादव को क्वॉर्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। 

पायल विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ हरिराम यादव की देखरेख में अभ्यास करती हैं। वह अखरी स्थित मां सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा दसवीं की छात्रा हैं। पायल और आकांक्षा दोनों ने ही बोर्ड परीक्षा में 72 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता में पायल ने 73 किलो भारवर्ग में दिल्ली की खिलाड़ी को बाई-फाल करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। उनके पिता सुरेश यादव एक किसान हैं। 

तीन साल में जीते पांच स्वर्ण पदक : 2021 से कुश्ती खेल रहीं पायल ने अब तक राष्ट्रीय और प्रादेशिक कुश्ती में पांच स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत लिए हैं। पायल ने राष्ट्रीय में एक स्वर्ण और एक कांस्य जबकि प्रादेशिक में चार स्वर्ण पदक भी जीते हैं। वहीं, रविंद्रपुरी स्थित गोस्वामी तुलसी दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा आकांक्षा यादव का सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed