Sawan Somwar 2025: सावन के पहले सोमवार पर भोलेनाथ को ऐसे प्रसन्न करें, जानिए पूजा विधि और जलाभिषेक का समय
Sawan Somwar 2025: सावन सोमवार पर भगवान शिव की पूजा-आराधना और जलाभिषेक करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस दिन कुछ उपाय करने से मनोकामनओं की पूर्ति होती है।
विस्तार
Sawan Somwar 2025: श्रावण का पवित्र महीना जारी है और आज 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, हर वर्ष सावन माह की शुरुआत श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है, जो श्रावण पूर्णिमा तक चलता है। इस बार सावन 09 अगस्त तक चलेगा। सावन माह भगवान शिव को बहुत ही प्रिय होता है और इस पूरे महीने भगवान शिव की विधि-विधान के साथ पूजा होती है और व्रत रखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से वह बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं। सावन माह में पड़ने वाले हर सोमवार का विशेष महत्व होता है। सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित होता है और जब सावन का महीना आता है तो इसमें पड़ने वाले सोमवार की महत्व काफी बढ़ जाता है। सावन सोमवार पर शिवालयों में काफी भीड़ होती है और इस दिन व्रत रखते हुए शिवलिंग पर बेलपत्र, गंगाजल, शहद, दूध, दही चढ़ाना बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सावन सोमवार पर भगवान शिव की पूजा करने से वह प्रसन्न होते हैं और हर एक मनोकामनाओं को पूरा करते हैं। आइए जानते हैं सावन सोमवार का महत्व, पूजा विधि और जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त।
14 जुलाई 2025- सावन का पहला सोमवार
भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए मां पार्वती ने कठोर तपस्या की थी और सोलह सावन का व्रत रखा था, तब जाकर भगवान शिव प्रसन्न हुए थे और पत्नी के रूप में स्वीकार्य किया था। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल 11 जुलाई 2025 से सावन का महीना शुरू हो चुका है और पहला सावन सोमवार 14 जुलाई को है।
सावन के पहले सोमवार पर शुभ योग
सावन सोमवार पर भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से भगवान शिव जल्द प्रसन्न होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस बार सावन का पहला सोमवार, 14 जुलाई को है और इस दिन बहुत ही शुभ योगों का निर्माण भी हुआ है। इस दिन सावन सोमवार के साथ संकष्टी चतुर्थी का व्रत भी है साथ ही आयुष्मान और सौभाग्य योग का निर्माण हो रहा है।
सावन सोमवार पूजा मुहूर्त और जलाभिषेक का समय
14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार व्रत है और इस दिन सुबह ब्रह्रा मुहूर्त से लेकर प्रदोषकाल तक शिव पूजा करना बहुत ही लाभकारी होता है। वहीं 14 जुलाई को सावन के पहले सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए कई मुहूर्त है।
सावन सोमवार जलाभिषेक ब्रह्रा मुहूर्त- सुबह 04 बजकर 15 मिनट से लेकर 5 बजे तक
सावन सोमवार जलाभिषेक अभिजीत मुहूर्त- दोपहर 12 बजे से 12 बजकर 50 मिनट तक
सावन सोमवार जलाभिषेक प्रदोष काल - शाम 07 बजकर 15 मिनट से 08 बजकर 45 मिनट तक
सावन के पहले सोमवार पर ऐसे करें शिव जी की पूजा
- सावन सोमवार के दिन सबसे पहले सूर्योदय से पहले उठकर सबसे पहले अपने इष्ट देव का ध्यान करें।
- इसके बाद सुबह जल्दी स्नान करके साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।
- स्नान करने के बाद भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की पूजा करने का संकल्प लें।
- भोलेनाथ की पूजा में विधि-विधान के साथ भगवान शिव को फूल, धूप, गंध, बेलपत्र, शमी पत्र, जल आदि अर्पित करें।
- इसके बाद लगातार शिव मंत्रों का जाप करते हैं शिवलिंग पर जलाभिषेक करें, देसी घी का दीपक जलाएं और आरती करें।
- सावन के पहले सोमवार व्रत पर शिव चालीसा का पाठ करना बहुत ही शुभ और कल्याणकारी साबित होता है।
Sawan 2025: हरियाली तीज से सावन सोमवार तक, सावन में महिलाएं क्यों पहनती हैं हरे कपड़े?
सावन सोमवार उपाय
सावन सोमवार का व्रत रखने से अविवाहित कन्याओं का विवाह जल्दी से होता है और विवाह में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। ऐसे में जो लोग विवाह से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं तो वे सावन सोमवार के दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करते हुए रुद्राक्ष की माला से ऊं श्रीवर प्रदाय श्री नम: मंत्र का पांच माला से जाप करें। वहीं इसके अलावा जल्द विवाह करने के लिए सोमवार के दिन शिवलिंग पर जल में केसर मिलाकर अर्पित करें। इस उपाय से शिवजी जल्द प्रसन्न रहते हैं और विवाह के योग बनते हैं।
Sawan 2025: घर में सुख-शांति और समृद्धि चाहिए तो सावन में ऐसे लगाएं शिवजी की तस्वीर
सावन सोमवार का महत्व
सावन सोमवार का व्रत रखना और इस दिन विधि-विधान के साथ शिवजी की उपासना करना बहुत ही शुभ और उत्तम माना जाता है। इस दिन व्रत रखते हुए शिवजी की पूजा करते हुए जलाभिषेक करने से शुभ फलों की वृद्धि होती है और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। सावन सोमवार के दिन 16 सोमवार का व्रत भी आरंभ हो जाता है। इस दिन विवाह में आ रही अड़चनें दूर होती हैं और जीवन में सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
सावन सोमवार की तिथियां
पहला सोमवार- 14 जुलाई 2025
दूसरा सोमवार- 21 जुलाई 2025
तीसरा सोमवार- 28 जुलाई 2025
चौथा सोमवार- 04 अगस्त 2025