सीधी हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी तीन बसें, 14 की मौत, 50 लोग घायल; सीएम शिवराज ने किया मुआवजे का एलान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी। बताया जा रहा है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। रीवा के एसपी मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 15-20 लोगों की हालत गंभीर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। मोहनिया टनल के पास ट्रक की टक्कर से तीन बसें पलट गईं। बताया जा रहा है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। रीवा के एसपी मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 15-20 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, हादसे के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद सीएम शिवराज ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि बस को ट्रक ने टक्कर मारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा मोहनिया टनल के पास बड़ोखर गांव के निकट हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसा रीवा-सीधी टनल के पास हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से वह साइड में खड़ी तीन बसों से टकरा गया। दो बसें पलट गईं, और तीसरी बस बुरी तरह डैमेज हो गई। हादसे में बारह लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसा भयानक था, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। गंभीर रूप से घायलों को रीवा रेफर किया गया है।
सीधी में बड़ा हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी बस, 12 लोगों की मौत#sidhi #MadhyaPradesh #Accidents #MadhyaPradesh #MPNews #AmarUjala #AmarUjalaNews #amarujalamp pic.twitter.com/Dp5wYCB8r5
विज्ञापन विज्ञापन— Amar Ujala (@AmarUjalaNews) February 24, 2023
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। अन्य राहगीरों ने मदद की और घायलों को निकाला। पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हादसे में बारह लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 52 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे की गंभीरता को देख लग रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। ट्रक के नीचे भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
अमित शाह के कार्यक्रम से लौटी थीं बसें
बस में सवार लोग सतना में अमित शाह के कार्यक्रम से लौट रहे थे। सतना में कोल जनजाति के शबरी महोत्सव में शामिल होकर लौटते वक्त यह हादसा हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान लगातार सीधी और रीवा जिला प्रशासन से संपर्क में हैं। बताया जा रहा है कि शाम साढ़े 5 बजे कार्यक्रम खत्म हुआ, जिसके बाद सभी बसें
सतना से रामपुर बघेलान और रीवा के रास्ते मोहनिया टनल होकर सीधी जा रही थीं। टनल से एक किलोमीटर दूर सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास तीन बसें कुछ देर के लिए रोकी गई थीं। इसी बीच, पीछे से आ रहे सीमेंट से भरे ट्रक ने तीनों बसों को टक्कर मारी।
थाना प्रभारी चुरहट सतीश मिश्रा ने बताया कि ट्रक ने दो बसों को टक्कर मारी है। इसमें से एक बस पलट गई है और दूसरी बस को झटका लगा है। पलटने वाली बस के कुछ लोग गंभीर रूप से घायल है। जिन्हें उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। राहत और बचाव का कार्य जारी है।
हादसे पर मुख्यमंत्री ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि सीधी में बस पलटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सीधी जिला प्रशासन, कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर मौजूद हैं। रीवा कमिश्नर और आईजी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। रीवा मेडिकल कॉलेज और सीधी जिला अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। दु:ख की इस घड़ी में मैं और प्रदेशवासी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
सीधी बस हादसे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने की बात कही है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देश पर सीधी के बीजेपी कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के माध्यम से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा घायलों के परिजनों से संपर्क में हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से घटना के विषय में जानकारी ली है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा है कि सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मृत्यु और 50 से अधिक लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।
दिग्विजय ने सरकार को दोषी ठहराया
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि मप्र के सतना में अमित शाह जी के आतिथ्य में हुए शिवराज सरकार के इवेंट से सीधी लौट रही बसों के टकराने से 5 लोगों की मौत की दुःखद खबर है। 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। चूंकि कार्यक्रम सरकारी था इसीलिए मुख्यमंत्री जी दुर्घटना की जिम्मेदारी लें व दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करें। बस दुर्घटना में मृत हुए प्रत्येक लोगों के परिजनों को 50 लाख व घायलों के लिए 5 लाख की मुआवजा राशि की अविलंब घोषणा करें।
अमित शाह ने हादसे पर जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीधी में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, सीधी (म.प्र.) में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दें। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज
सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा घटनास्थल पहुंचे। सीएम चौहान ने वहां मौजूद अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घायलों का हालचाल जाने के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा भी सीएम के साथ थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सीधी जिले में सड़क दुर्घटना में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी।
