DSP बने इंटरनेशनल कबड्डी स्टार अजय ठाकुर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंटरनेशनल कबड्डी स्टार अजय ठाकुर हिमाचल पुलिस में डीएसपी बन गए हैं। कैबिनेट बैठक में हरी झंडी मिलने के बाद अजय ठाकुर की नियुक्ति हुई है। ठाकुर ने सोमवार को अपनी कुलदेवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उधर, उनके पैतृक गांव नालागढ़ के दभोटा में खुशी का माहौल है। कबड्डी में लगातार बेेहतर प्रदर्शन के बाद प्रदेश के नेताओं ने उन्हें सरकारी नौकरी देने की मांग की थी।
सीएम के नालागढ़ और पाइनग्रोव स्कूल के दौरे के दौरान भी खिलाड़ियों, लोगों और नेताओं ने यह मांग सीएम के समक्ष रखी। वर्तमान में अजय ठाकुर एयर इंडिया में काम करते हैं। बता दें कि अजय ठाकुर ने अपने खेल कॅरियर की शुरुआत प्रो. कबड्डी में नए सिरे से की। इसके बूते उन्हें अपने ही प्रदेश में सरकारी नौकरी और डीएसपी का पद मिला है। अजय ठाकुर इंडियन कबड्डी लीग में बंगलूरू और पुणे की टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
प्रो कबड्डी से की शुरूआत
वर्ष 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम में भी अजय ठाकुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। अजय ने इंटरनेशनल कबड्डी में छह से अधिक पदक हासिल किए हैं। वर्ल्ड कप में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के अवार्ड से नवाजा गया है। ठाकुर सर्वश्रेष्ठ रेडर के रूप में उभरे हैं और देश-दुनिया में हिमाचल के नाम को रोशन किया है।
सरकार का शुक्रिया: अजय ठाकुर
अजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अलावा सभी कैबिनेट मंत्रियों, बाबा हरदीप सिंह, विधायक राम कुमार चौधरी का आभार जताया है। कहा कि उन्होंने खेल को लग्न के साथ खेला है और प्रदेश के युवाओं को इस ओर लगातार प्रेरित करते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस में डीएसपी की तैनाती के लिए अपने सभी प्रशंसकों का भी आभार जताया है।