पापा से कहा था- एक दिन आपको मेरे नाम से जानेंगे लोग
कॉमनवेल्थ गेम्स में विकास ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। 14 नवंबर 1993 को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के पटनौण में जन्मे विकास ने लुधियाना के विभिन्न स्कूलों से प्राथमिक शिक्षा ली। विकास ने अपने पिता से कहा था कि एक दिन ऐसा आएगा जब लोग आपको मेरे नाम से जानेंगे। आज उसने उस वाक्य को सच कर दिखाया है।
रेलवे कॉलोनी में रहने वाले विकास के कांस्य पदक हासिल करने की खबर सुनकर उनकी मां आशा ठाकुर के आंख से खुशी के आंसु छलक आए। उन्होंने कहा कि मुझे अपने बेटे पर गर्व है। वहीं, परिजनों और इलाका निवासियों ने जीत का जश्न मनाया। विकास के पिता बृज लाल ठाकुर भारतीय रेलवे में और माता गृहिणी हैं।
बृज लाल ठाकुर ने कहा कि एक बार उन्होंने अपने बेटे को दुकान से सामान लेने भेजा और कहा कि दुकान वाले बाबू को कह देना कि पापा बाद में आएंगे। इस दौरान विकास ने कहने लगा कि आज तो मैं आपका नाम लेकर जाऊंगा, लेकिन एक दिन ऐसा आएगा जब लोग आपको मेरे नाम से जानेंगे। आज विकास ने अपने बोले गए इन्हीं लफ्जों को सच कर दिखाया है। विकास वर्तमान में भारतीय वायुसेना में वारंट ऑफिसर के तौर पर कार्यरत हैं। कॉमनवेल्थ में भाग लेने से पहल पटियाला स्थित एनआईएस में ट्रेनिंग ले रहे थे।
अगस्त में होने वाले एशियन गेम्स में भाग लेंगे विकास
विकास ठाकुर का चयन इस साल अगस्त में होने वाले एशियन गेम्स के लिए हुआ है। उसकी प्रारंभिक ट्रेनिंग रखबाग स्थित वेट लिफ्टिंग जिम में हुई है। वह फिटनेस के प्रति पहले से ही गंभीर थे। उन्होंने गुरु नानक स्टेडियम स्थित लुधियाना वेटलिफ्टिंग क्लब में दाखिला लिया।
विकास की उपलब्धियां
- विकास अब तक 18 से ज्यादा इंटरनेशनल मुकाबलों में भाग ले चुके हैं।
- 2014 में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुई कॉमनवेल्थ गेम्स में 85 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग मुकाबले में सिल्वर मेडल जीता।
- स्नैच में 153 किलोग्राम और क्लीन व जर्क में 186 किलोग्राम का रिकॉर्ड स्थापित कर 339 किलोग्राम का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
- 65वीं पुरुष और महिला सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2012-13 में स्वर्ण पदक।
- 65वीं पुरुष और महिला सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2014 में भी स्वर्ण पदक।
- सर्विसिस वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2013-14 में स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं।
- कॉमनवेल्थ सीनियर व जूनियर यूथ चैंपियनशिप 2012 में रजत पदक।
- ऑल इंडियन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2011-12 में भी स्वर्ण पदक।
- एयरफोर्स में 2012-13 में बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन चुने गए।
- 56वीं नेशनल स्कूल गेम्स और 4वीं नेशनल स्कूल वेटिंग चैंपियनशिप में बेस्ट वेटलिफ्टर इंडिया रह चुके हैं।