बेटी ने रोशन किया नाम, अलाइड सर्विस परीक्षा में मिला चौथा रैंक
हमीरपुर की बेटी ने कामयाबी के आसमान छूते हुए पहले प्रयास में प्रदेश भर में अलाइड सर्विस परीक्षा में चौथा रैंक हासिल किया है। जिला के मैढ़ गांव की रहने वाली विजया को एक्साइज एंड टैक्सेशन इंस्पेक्टर के पद पर तैनाती मिली है। विजया ने मेडिकल स्ट्रीम में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैढ़ से शुरुआती शिक्षा हासिल की।
इसके बाद घुमारवीं कॉलेज से बीएससी और 2008 में सोलन से बॉयोटेक में एमएससी की डिग्री हासिल की। विजया ने 2010 में नेट जेआरएफ परीक्षा पास कर यूजीसी से स्कॉलरशिप पाया। 2011 में बॉयोटेक में पीएचडी करने के लिए एचपीयू में एडमिशन ली। इसी
दौरान विजया को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की प्रेरणा मिली। विजया बताती हैं कि विवि में उनके कुछ दोस्त इन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। बस, उन्हीं की प्रेरणा से तैयारी करनी शुरू कर दी। विजया के पिता जयगोपाल शर्मा सेना से रिटायर हैं। माता कश्मीरां देवी गृहिणी हैं। एक भाई और एक बहन है।
रोजाना चार-पांच घंटे पढ़ाई
पहले प्रयास में अलाइड सर्विस परीक्षा पास करने वाली विजया ने रोजाना चार से पांच घंटे पढ़ाई की। विजया ने बताया पीएचडी के साथ-साथ तैयारी करना बहुत ही मुश्किल था लेकिन रूटीन स्टडी जारी रख लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईएएस बनना है सपना
विजया आईएएस बनना चाहती हैं। इसकी तैयारी में वह जुटी हुई हैं। इस साल एचएएस की परीक्षा भी दी है।
खूब मेहनत का संदेश
विजया ने युवाओं को खूब मेहनत करने का संदेश दिया। सिर्फ भाग्य के सहारे न बैठे रहें। आपकी मेहनत 99 फीसदी और भाग्य सिर्फ एक फीसदी साथ देता है।