बॉलीवुड चली हिमाचल की एक और बेटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिने अभिनेत्री प्रीति जिंटा और कंगना रणावत के बाद हिमाचल की एक और बेटी ने बड़े पर्दे की राह पकड़ ली है। लेकिन, यह बाला पर्दे के आगे नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे रहकर फिल्मों का निर्देशन करती नजर आएंगी। बिलासपुर की सुरभि शर्मा ने हाल ही में तेलुगू फिल्म ‘वंगाविटी’ में सह-निर्देशक के रूप में कार्य किया है। सुरभि ने इस फिल्म में रामगोपाल वर्मा को असिस्ट किया है।
इसके अलावा सुरभि जल्द ही बॉलीवुड की फिल्म में सह-निर्देशक के रूप में काम करने जा रही हैं। तेलगू फिल्म की शूटिंग हैदराबाद व आंध्रा प्रदेश सहित कई जगहों पर हो चुकी है। सुरभि कुछ दिन के लिए छुट्टियां बिताने बिलासपुर आई हैं। 22 वर्षीय सुरभि ने स्कूली शिक्षा डीएवी स्कूल बिलासपुर से की है।
वर्तमान में सुरभि दिल्ली से ऑनर्स इन कन्यूनिकेशन डिग्री विद फिल्म मेकिंग एंड एनिमेशन की पढ़ाई भी कर रही है। सुरभि ने पांचवीं कक्षा से कविता व कहानी लिखना शुरू कर दिया था। शुरू से ही डांस व फोटोग्राफी का भी शौक रहा। सुरभि के पिता दीपराज शर्मा सरकारी नौकरी करते हैं, जबकि माता डॉ. अनीता शर्मा बिलासपुर में जिला भाषा अधिकारी हैं। सुरभि मुंबई में एक शॉर्ट फिल्म भी बना चुकी हैं। इसके बाद उन्हें रामगोपाल वर्मा के साथ काम करने का मौका मिला।
‘राय’ फिल्म का भी मिला था ऑफर
सुरभि शर्मा ने बताया कि हिमाचल की खूबसूरती पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यहां पर कई ऐसे धार्मिक व पर्यटन क्षेत्र हैं, जिन पर फिल्मों का निर्माण किया जा सकता है। जल्द ही डॉक्यूमेंटरी फिल्मों का निर्माण शुरू किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी अभिनय करने का मौका मिलेगा। ‘राय’ फिल्म में उन्हें सह-निर्देशन के लिए ऑफर मिला था, लेकिन पढ़ाई पूरी न होने के चलते मना कर दिया।
लघु फिल्म का चल रहा है निर्माण
सुरभि इन दिनों युवाओं की समस्याओं को उकेरती एक लघु फिल्म का निर्माण भी कर रही हैं। जिसकी शूटिंग का कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। इस फिल्म में हिमाचल के कलाकारों को लिया गया है। हालांकि सुरभि ने इस फिल्म के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। लेकिन उनका कहना है कि यह फिल्म युवाओं के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी।