कुंगफू मास्टर में देश का प्रतिनिधित्व करेगा हिमाचल का यह खिलाड़ी
हिमाचल के कुल्लू जिले के संजीव ठाकुर का चयन अंतरराष्ट्रीय कुंगफू मास्टर प्रतियोगिता के लिए हुआ है। निरमंड तहसील के दवाह जाओं गांव के संजीव ठाकुर फुल फाइटर चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एफसीसी और एमएमए मिक्स मार्शल आर्ट प्रोफेशनल फाइटर के तौर पर मुंबई में 24-26 जून तक होने वाली मिक्स मार्शल आर्ट एफसीसी फुल कांटेक्ट फाइट में हाथ आजमाएंगे। हिमाचल से प्रतियोगिता से हिस्सा लेने वाले संजीव एकमात्र खिलाड़ी हैं।
इससे पहले भी वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल देश के लिए जीत चुके हैं। 20 साल की उम्र में संजीव एमएमए और प्रोफेशनल फाइटिंग में आ गए थे। वर्तमान में चाइनीज कोशू कुंगफू अकादमी चला रहे हैं।
संजीव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेना खुशी भरा है। प्रो फुल कांटेक्ट फाइट चैंपियनशिप में बतौर प्रोफेशनल फाइटर चुना गया है। प्रतियोगिता के लिए उनका दिल्ली में ट्रायल भी हुआ है। इस प्रोफेशन के लिए माता-पिता ने हमेशा साथ दिया है। नेशनल लेवल के मास्टर एचके मुंशाहारी ने संजीव के चयन पर खुशी जताई है।
सरकार से नहीं मिलती मदद
अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर कई मेडल जीत चुके संजीव ठाकुर को सरकार से आज तक सहयोग नहीं मिला है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने से उन्हें कई बार वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले पाए हैं। संजीव ने कहा कि आर्थिक मदद न मिलने के कारण चीन और थाइलैंड में होने वाले प्रतियोगिताओं में नहीं जा पाए हैं।
दूसरों को सिखा रहे हैं कुंगफू
फाउंडर कुंगफू एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश नामक संस्था के माध्यम से मंडी, रामपुर और कुल्लू में संजीव कुंगफू की कलाबाजी सिखा रहे हैं। इसमें उनके कोच भी हिमाचल में कुंगफू को प्रमोट करने में पूरा साथ दे रहे हैं।