सारेगामापा के दूसरे राउंड में पहुंची मंडी की बेटी, गांव में जोरदार स्वागत
सारेगामापा लिटिल चैंप में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाली पायल ठाकुर का उसके पैतृक गांव मढधार पहुंचने पर बैंड-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया। मंडी जिला की धार पंचायत के मढधार गांव से संबंध रखने वाली पायल ठाकुर सारेगामापा के दूसरे राउंड में प्रवेश कर गई हैं।
वह तीसरे राउंड में प्रवेश करने की तैयारी में जुटी है। रविवार को पायल ठाकुर अपने गांव पहुंची, जहां पर पंचायत प्रधान और गांव लोगों ने पायल का स्वागत किया। पायल ने मढधार में मां देहरी के चरणों में शीश नवाया और आने वाले समय के लिए प्रार्थना भी की।
स्थानीय पंचायत धार की प्रधान अनुराधा ने पायल और उसके परिवार वालों को बधाई दी। उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पायल कामयाबी की बुलंदियों को छूकर अपने गांव और जिला का नाम रोशन करेगी।
बच्चों के लिए बनी आइडियल
वहीं क्षेत्र के निवासी वल्लभ कॉलेज में कार्यरत प्रो. चमन प्रेमी ने कहा कि पायल क्षेत्र के बच्चों के आइडियल बन चुकी हे। उन्होंने परिवार को पायल ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पायल ठाकुर ने जहां अपने हुनर से देश में अपनी पहचान बना ली है।
वहीं प्रदेश और मंडी जिला वासियों के लिए भी यह बडे़ ही गर्व की बात है कि छोटे से गांव में रहने वाली पायल ठाकुर ने मुम्बई में जा कर अपनी आवाज से सभी का दिल जीत लिया है। अमर उजाला से विशेष बातचीत में पायल ठाकुर ने कहा कि वह तीसरे राउंड में तैयारी करने में जुटी हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों को दिया है।