कड़ी मेहनत कर किसान की बेटी बनी सब इंस्पेक्टर
कड़ी मेहनत कर प्रदेश की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमा रही हैं। ऐसी ही एक मिसाल कुल्लू जिले की निरमंड तहसील के डूगाधार गांव की किरण कुमारी ने पेश की है। शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाकर किरण ने सब इंस्पेक्टर की परीक्षा पास की है। किसान परिवार में पली बढ़ी किरण बचपन से शिक्षा के लिए समर्पित थीं।
जिंदगी की उधेड़बुन में किरण हमेशा कुछ करने की ठानें रहती थीं। आज उनका यह सपना पूरा हो चुका है। आगे चलकर किरण आईपीएस बनने का सपना संजोए हैं। किरण ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर की ओर से ली गई सब इंस्पेक्टर की परीक्षा पास की है। सब इंस्पेक्टर के लिए कुल 16 पदों के लिए यह परीक्षा हुई थी।
कुल्लू जिले से परीक्षा पास करने वाली एकमात्र युवती
कुल्लू जिले की यह बेटी यह परीक्षा पास करने वाली एकमात्र युवती हैं। किरण ने अरसू स्कूल से जमा दो, पीजी कॉलेज रामपुर से स्नातक और प्रदेश विश्वविद्यालय से हिंदी में एमए और बीएड की है। किरण ने इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता को दिया है। उन्होंने उनकी शिक्षा में कभी बाधा नहीं आने दी और लगातार शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते रहे।
किरण के पिता टीकम राम पेशे से किसान हैं। खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। माता शिक्षा देवी गृहिणी हैं। अमर उजाला से बातचीत में किरण ने बताया कि सब इंस्पेक्टर बनने के बाद वह महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ लड़ेंगी। अब किरण का लक्ष्य आईपीएस अधिकारी बनकर देश और प्रदेश की सेवा करना है।