मायानगरी में देवभूमि की बेटी का धमाल, ऑफर की भरमार
हिमाचल के सोलन की बच्ची मायानगरी में धमाल मचा रही है। दस साल की ट्विंकल एक साथ पांच बड़े विज्ञापनों में काम कर रही है। सिने जगत से सोशल मीडिया तक हर कोई इस नन्ही अदाकारा का कायल है।
ट्विंकल अभी सिर्फ दस साल की है और वह कंगणा रणौत को अपना आदर्श मानती हैं। ट्विंकल आगे चलकर एक्ट्रेस बनने की ख्वाहिश रखती हैं। ट्विंकल का मुंबई में पदार्पण डांस इंडिया डांस कार्यक्रम के चलते हुआ है।
जब वह महज सात साल की थी तो पहली बार डांस इंडिया डांस शुरू हुआ था। इसके लिए चंडीगढ़ में ऑडिशन रखे गए। यहां से उसका चयन हो गया।
मुंबई में ऑडिशन के दो राउंड पार करने के बाद फाइनल ऑडिशन में उम्र कम होने की वजह से चयनकर्ताओं ने उसे वापस भेज दिया।
चैनल प्रबंधन ने ट्विंकल से किया अनुबंध
लेकिन ट्विंकल का हौसला टूटा नहीं और उसने सोलन में डांस अकादमी में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया। इस बीच टीवी पर प्रसारित हुए बेस्ट ड्रामेबाज शो के लिए भी ट्विंकल ने ऑडिशन दिया और उसमें चयनित हो गई।
मुंबई में करीब तीन महीने तक चले इस शो के दौरान वह अंतिम 16 तक जगह बनाने में कामयाब हुई। लेकिन रेटिंग कम होने की वजह से उसे शो से बाहर होना पड़ा।
उसकी एक्टिंग के कायल चैनल प्रबंधन ने ट्विंकल से अनुबंध कर लिया। ट्विंकल साधारण से परिवार से ताल्लुक रखती है।
उसकी मां रीता शर्मा ने बताया कि वे बेटी को इस फील्ड में आगे बढ़ता देखना चाहती हैं और उसके लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनकी बेटी एक न एक दिन बड़े पर्दे पर जरूर नजर आएगी।