छोटे पर्दे पर छाई बिना सड़क वाले गांव की मोनिका चौहान, टीवी सीरियल में मनवा रहीं प्रतिभा का लोहा
जिस गांव में आज तक सड़क भी नहीं पहुंची, उस अति दुर्गम गांव की बेटी छोटे पर्दे पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। जी हां, रामपुर उपमंडल की किन्नू पंचायत के दुर्गम गांव बगावट की मोनिका चौहान टीवी सीरियल में रामपुर का नाम चमका रही हैं। मोनिका अति दुर्गम गांव बगावट (धौंआ) की रहने वाली हैं, जो आज भी सड़क सुविधा से वंचित है।
मोनिका एक टीवी सीरियल में महत्वपूर्ण रोल निभा रही हैं। वह 2018-19 में मिस हिमाचल फर्स्ट रनरअप भी रह चुकी हैं। हालांकि, मोनिका का एयर होस्टेस में भी चयन हो गया था, लेकिन अचानक बीमार होने के कारण वह ज्वाइन नहीं कर र्पाइं थीं। उसके बाद मॉडलिंग में किस्मत आजमा रही मोनिका को टीवी सीरियल में यह किरदार मिला।
बधाइयों का लगा तांता
मोनिका ने पांचवीं तक की पढ़ाई सरकारी प्राइमरी स्कूल बगावट से की। नवोदय की परीक्षा पास कर नवोदय विद्यालय ठियोग से बारहवीं की। एमए इंग्लिश की पढ़ाई रामपुर कॉलेज से की और एक साल एविएशन का डिप्लोमा भी किया। मोनिका के दुर्गम गांव से मुंबई तक की सफलता से किन्नू पंचायत सहित पूरे रामपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
वहीं, किन्नू पंचायत प्रधान यशपाल चौहान ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने मोनिका को बधाई दी। पिता कर्म सिंह चौहान, माता बिमला देवी, राजेश लारजू, हिम्मत सिंह चौहान, प्रीतम सिंह, शिव लाल, रविंद्र, अजय, मान सिंह, यशपाल, ममता, सुशीला चौहान, भूपेंद्र चौहान, सुमित्रा लारजू, गोपी नंद, अतर दासी, विकेश चौहान, देवी दास, रविश, अमर सिंह, संजीव, मीनाक्षी और डिंपल सहित अन्य ने मोनिका को बधाई और शुभकामनाएं दीं।