12 साल की उम्र में दूरदर्शन से की शुरूआत, आज छोटे पर्दे पर धमाल मचा रही देवभूमि की बेटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला की आलीशा पंवर ने छोटे परदे पर अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। 20 साल की आलीशा जी टीवी और कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले सीरियलों में काम कर चुकी हैं। ‘अमर उजाला’ के साथ खास बातचीत में आलीशा ने बताया कि अब सीरियल में बतौर लीड एक्ट्रेस काम करने की तमन्ना है।
बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने कई बार शिमला में ऑडिशन में भाग लिया। डेढ़ साल पहले मुंबई का रुख किया था। कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले ‘बेगू सराय’ सीरियल से कॅरिअर की शुरुआत की। आलीशा ने इस सीरियल में मुस्लिम लड़की का किरदार निभाया।
इसके बाद कलर्स के ही सीरियल ‘थपकी प्यार की’ में आलीशा को ‘थपकी’ की छोटी बहन का किरदार निभाने का मौका मिला। इस साल मई से लेकर अगस्त तक आलीशा ने जी टीवी पर प्रसारित होने वाले सीरियल ‘जमाई राजा सीजन-2’ में काम किया। इसमें आलीशा को मेन लीड निभा रहे सिद्धार्थ खुराना की पत्नी आन्या के रोल के लिए कास्ट किया गया।
2012 में बनी थीं शिमला क्वीन
आलीशा की मां अनीता पंवर आरट्रैक स्कूल समरहिल में टीचर हैं। पिता दिनेश पंवर जिला कचहरी में वकील हैं। अनीता ने बताया कि बचपन से आलीशा को एक्टिंग का शौक था। 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘अक्कड़ बक्कड़ बांबे बो’ में स्कूल गर्ल का रोल प्ले किया।
इसी साल ब्यूटी कांटेस्ट में आलीशा को शिमला क्वीन के ताज से नवाजा गया। महज 12 साल की उम्र में डीडी नेशनल के रियालिटी शो ‘नाचें गाएं धूम मचाएं’ में भी हिस्सा लिया। आलीशा का कहना है कि माता-पिता के आशीर्वाद से वह जीवन में कामयाबी की ओर बढ़ पा रही हैं।
ताराहाल और सेंट बीड्स में की पढ़ाई- आलीशा ने लोरेटो कान्वेट स्कूल ताराहाल से प्लस टू की। इसके बाद सेंट बीड्स कॉलेज से बीकॉम पास की। आलीशा ने बताया कि स्कूल कॉलेज के दिनों से ही वह डांस, मॉडलिंग और प्ले में हमेशा हिस्सा लेती थीं। छोटे पर्दे पर काम करने के लिए उन्होंने किसी एक्टिंग स्कूल में प्रशिक्षण नहीं लिया।