सचिन की कबड्डी टीम की कमान संभालेगा ये हिमाचली खिलाड़ी
प्रो कबड्डी लीग के सीजन पांच में हिमाचल के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर तमिल थलाइवा टीम के कप्तान होंगे। पहली बार अजय ठाकुर प्रो कबड्डी लीग में टीम की अगुवाई करेंगे।
तमिल थलाइवा टीम प्रो कबड्डी लीग के सीजन पांच में पहली बार खेल रही है। चेन्नई फ्रेंचाइजी की तमिल थलाइवा टीम के सह मालिक पूर्व क्रिकेटर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं। प्रो कबड्डी में यह टीम पहली बार भाग ले रही है।
इससे पहले अजय ठाकुर प्रो कबड्डी के चार सीजनों में बंगलूरू बुल्स और पुनेरी पलटन टीम के लिए खेल चुके हैं। अजय ठाकुर ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि बतौर कप्तान टीम के लिए खेलना चुनौतीपूर्ण होगा।
इससे पहले उन्होंने सिर्फ हिमाचल की कबड्डी टीम की अगुवाई की है। अभी तक अजय प्रो कबड्डी लीग में सिर्फ रेडर के रूप में खेलते आए हैं। पहली बार इस सीजन में अजय ठाकुर कप्तान के रूप में मैदान में उतरेंगे।
प्रो कबड्डी में ये है अजय ठाकुर का रिकार्ड
हिमाचल के दभोटा के रहने वाले अजय ठाकुर ने प्रो कबड्डी लीग के चार सीजनों में अभी तक कुल 58 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 327 अंक अपनी टीम के लिए हासिल किए हैं। रेडर के रूप में उन्होंने 316 अंक और डिफेंस में सिर्फ 11 अंक अर्जित किए हैं।
सीजन पांच में खेलेंगे सूबे के छह खिलाड़ी
प्रो कबड्डी लीग सीजन-पांच में हिमाचल के छह खिलाड़ी खेलेंगे। इसमें नालागढ़ का अजय ठाकुर तमिल थलाइवा से, मंडी का महेंद्र सिंह ठाकुर बंगलूरू बुल्स से, ऊना का सुरेंद्र कुमार व नालागढ़ के शिवओम यू मुंबा से,
नालागढ़ का गुरविंद्र सिंह उत्तर प्रदेश से और कांगड़ा का रोहित राणा तेलुगू टाइटन से खेलेगा। इस प्रो कबड्डी के सीजन में खिलाड़ियों की नीलामी में हिमाचल के चार खिलाड़ी पहली बार खरीदे गए हैं।