Sirohi News: 20 अपात्र परिवारों को नोटिस जारी, दो राशन की दुकानें निलंबित; जानें कैसे हुई कार्रवाई
पिंडवाड़ा उपखंड क्षेत्र में मैसर्स केसाराम पुत्र कानाजी (उचित मूल्य दुकान, कांटल) और लादूराम पुत्र सवाजी (उचित मूल्य दुकान, भूला) द्वारा राशन वितरण में अनियमितता पाई गई, जिसके चलते दोनों दुकानों को आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
जिला रसद अधिकारी तेजसिंह मेड़तिया द्वारा राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर पिंडवाड़ा उपखंड की दो उचित मूल्य दुकानें निलंबित कर दी गई हैं। साथ ही, जिले के 20 अपात्र परिवारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा योजना से नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
पिंडवाड़ा उपखंड क्षेत्र में मैसर्स केसाराम पुत्र कानाजी (उचित मूल्य दुकान, कांटल) और लादूराम पुत्र सवाजी (उचित मूल्य दुकान, भूला) द्वारा राशन वितरण में अनियमितता पाई गई, जिसके चलते दोनों दुकानों को आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा, जिले के 20 अपात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने पर नोटिस जारी किया गया है। जिला रसद अधिकारी तेजसिंह मेड़तिया ने बताया कि पिंडवाड़ा के 10, आबूरोड के 5 और शिवगंज के 5 अपात्र उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जल स्वावलंबन अभियान 2.0: समीक्षा बैठक आयोजित
जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी कार्यों को मई 2025 तक पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रमुख बिंदु
- अप्रारंभ कार्यों को तुरंत शुरू कर पोर्टल पर जियो टैगिंग अनिवार्य करने के निर्देश।
- जलग्रहण, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को माहवार योजना बनाकर कार्य समय पर पूर्ण करने की हिदायत।
- 15 फरवरी से पहले द्वितीय चरण में अनुमोदित सभी ग्रामों का प्री-सर्वे कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश।
- जलदाय विभाग व वन विभाग के सक्षम अधिकारी की अनुपस्थिति पर नोटिस जारी करने के आदेश।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद अग्रवाल, जलग्रहण विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय कुमार दवे सहित पंचायती राज, भूजल विभाग, जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी, नरेगा एवं जलग्रहण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।