Churu: लॉरेंस विश्नोई गैंग के बदमाश ने ज्वेलर को दी धमकी, कहा- जो करना हो कर लेना; मेल पर भी धमकाया
ज्वेलर के पास LB ग्रुप के नाम से मैसेज भी आया है। मैसेज में लिखा था कि तूने पुलिस वालों को बोलकर बहुत गलत किया है। तुझे हम अब सुजानगढ़ में ही मारेंगे 3 मई को ... जो करना है वो कर लेना। इसी तरह ज्वेलर्स की मेल आईडी पर (एलबी ग्रुप) लिखी रणवीर जाट नाम से 4.45 बजे मेल आया।
विस्तार
चूरू जिले के जेडीजे ज्वेलर्स पर हुई फायरिंग के 3 दिन बाद लॉरेंस विश्नोई गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ज्वेलर को जान से मारने की धमकी दी है। ज्वेलर पवन सोनी को जान से मारने की धमकी मिली है। उसने बाकयदा डेट भी तय कर दी है। 3 मई की तारीख इसके लिए उसने मुकर्रर की है। इसको देखते हुए पुलिस ने ज्वेलर की सिक्योरिटी बढ़ा दी है।
यह है पूरा मामला
ज्वेलर सोनी में पुलिस थाने में शिकायत करते हुए कहा कि शनिवार शाम एक अनजान नंबर से फोन आया था। मैंने फोन उठाया तो सामने से आवाज आई, जो रोहित की थी। रोहित बेखौफ था। उसने कहा कि सुन दूसरे मोबाइल से फोन रिकॉर्ड कर ले। कोई फर्क नहीं पड़ता है। गोदारा ने कहा- जो करना है वो सब कर ले। मेरे 10-20 आदमी भी खत्म हो जाएं, तो कोई बड़ी बात नहीं। मेरे पास खूब टीम है। अगर मेरे 15-20 आदमी भी पुलिस फोर्स सलटा देगी, तो मेरे पास आदमियों की कमी नहीं है। मैं इन चीजों की परवाह नहीं करता। तू पुलिस की पूरी फौज खड़ी कर लेना, लेकिन रोहित गोदारा कौन है, यह जरूर दिखाऊंगा।
मेल करके भी धमकी दी
ज्वेलर के पास LB ग्रुप के नाम से मैसेज भी आया है। मैसेज में लिखा था कि तूने पुलिस वालों को बोलकर बहुत गलत किया है। तुझे हम अब सुजानगढ़ में ही मारेंगे 3 मई को ... जो करना है वो कर लेना। इसी तरह ज्वेलर्स की मेल आईडी पर (एलबी ग्रुप) लिखी रणवीर जाट नाम से 4.45 बजे मेल आया। उसमें लिखा कि, सुन मेरी बात, तूने पुलिस वालों को बोलकर बहुत गलत किया है। अब तुझे 3 मई को हम सुजानगढ़ में ही मारेंगे। जो करना है वो कर लेना ओके।
जवानों की संख्या बढ़ाई
ज्वेलर को वॉट्सऐप कॉल पर बात के दौरान रोहित गोदारा ने धमकी दी तो ज्वेलर ने कहा कि मेरे मरने के बाद अगर तसल्ली मिल जाए तो मैं मरने के लिए तैयार हूं। इस पर गोदारा ने कहा कि मैं आपको कुछ नहीं करूंगा। बस आपको एहसास कराऊंगा। पीड़ित व्यापारी ने धमकी भरा फोन दोबारा आने के तुरंत बाद आईजी, डीआईजी सहित जयपुर, बीकानेर और चूरू जिले से जुड़े सभी पुलिस के उच्चाधिकारियों का मामले से अवगत करवाया है। पुलिस ने सुरक्षा और बढ़ा दी है। पहले से ज्वेलर की सुरक्षा के लिए पांच से ज्यादा जवान लगा रखे हैं।
दबाव बनाने के लिए दे रह हैं धमकी
सुजानगढ़ डीएसपी रामप्रताप बिश्नोई ने कहा कि ज्वेलर को धमकी मिलने के बाद घर और दुकान पर गार्ड और भारी संख्या में पुलिस के जवान सुरक्षा के लिए तैनात हैं। चौकसी के लिए जवानों को अब और खास हिदायत दे दी गई है। गश्त और नाकाबंदी और बढ़ाई है। बदमाश बौखला कर फिर धमकी दे रहे हैं, सिर्फ दबाव बनाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।