{"_id":"648c61939f22568ca50a47d5","slug":"politics-gajendra-singh-shekhawat-says-minister-and-mla-are-not-satisfied-with-work-of-gehlot-government-2023-06-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा- राजस्थान के मंत्री और विधायक ही अपनी सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Politics: केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा- राजस्थान के मंत्री और विधायक ही अपनी सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं
Fri, 16 Jun 2023 06:50 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Fri, 16 Jun 2023 06:50 PM IST
सार
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बीजेपी के महाजनसंपर्क अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को जैसलमेर प्रवास पर रहे। रामदेवरा में बीजेपी की जैसलमेर इकाई की ओर से आयोजित पार्टी के विभिन्न मोर्चो के संयुक्त सम्मेलन में शेखावत ने कहा, गहलोत सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। राजस्थान के किसानों, महिलाओं और युवाओं से झूठे वादे कर उनका अपमान किया। इस बार गहलोत सरकार को वोट की चोट देनी होगी। पिछली बार जो चूक रह गई थी, उसे इस बार दूर करना है।
विज्ञापन
रामदेवरा में गजेंद्र सिंह शेखावत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, राजस्थान सरकार के मंत्री और विधायक ही अपनी सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं। उठापटक ऐसी है कि सरकार के मंत्रियों में ही कुर्सी की खींचतान चल रही है, जबकि मोदी सरकार के पिछले नौ साल के कार्यकाल में देश में व्यापक परिवर्तन आया है। चहुमुंखी विकास हुआ है, देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है।
विज्ञापन
गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीजेपी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मोदी सरकार के परिवर्तनकारी योजनाओं और नीतियों का जन-जन में प्रचार करें। शेखावत बीजेपी के महाजनसंपर्क अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को जैसलमेर प्रवास पर रहे। रामदेवरा में बीजेपी की जैसलमेर इकाई की ओर से आयोजित पार्टी के विभिन्न मोर्चो के संयुक्त सम्मेलन में शेखावत ने कहा, गहलोत सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
विज्ञापन
'भारत माता के गौरव को फिर से लौटाना है'
शेखवात ने कहा कि बीजेपी विचारधारा आधारित पार्टी है। इसका एक ही उद्देश्य है, भारत माता के गौरव को फिर से लौटाना और एक ही ध्येय है सेवा, सुशासन और गरीब की सेवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के बाद इस ध्येय को ध्यान में रखते हुए जो नीतियां बनाईं, उससे देश में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि साल 2004 से 2014 तक देश हर मोर्चे पर विफल था। भारत दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। फिर साल 2014 में देश की जनता ने मोदी जी को सरकार बनाने का अवसर दिया। पहली बार देश में गैर कांग्रेसी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। उस समय मोदी जी ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब, दलित, शोषित के जीवन में परिवर्तन लाने का काम करेगी।
विज्ञापन
'मोदी सरकार में गरीब कल्याण को केंद्र में रखा'
शेखावत ने कहा कि पिछले नौ साल तक देश की मोदी सरकार ने गरीब के कल्याण को केंद्र में रखते हुए काम किया। बैंक में गरीब व्यक्ति का खाता खुलवाया। जो पैसा पहले भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाया करता था। खाता खुलवाने से योजनाओं का पैसा सीधा गरीब के खाते में आया। पहले के शासकों ने व्यक्तिगत हित में समझौते किए, लेकिन पीएम मोदी ने देश के हितों के साथ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने सेवा, सुशासन और गरीब के कल्याण के लिए सरकार काम किया। इस ध्येय वाक्य को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई। पहले की सरकार में अंग्रेजीयत मानसिकता थी। गरीबों को लाइन में खड़ा कराना सरकार का शौक था। इसे प्रधानमंत्री मोदी जी ने खत्म किया।
'स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया। सफाई कर्मियों का मान सम्मान दोबारा प्रतिष्ठित किया। देश के पहले प्रधानमंत्री मोदी जी थे, जिन्होंने कुंभ में सफाईकर्मियों का सम्मान किया। साल 2014 में जब मोदी सरकार सत्ता में आई, तब देश 62 प्रतिशत के पास शौचालय नहीं थे। आज परिदृश्य बदल गया। शौचालय बनने के कारण देश में कई रोगों का निराकरण हुआ। इससे दवाओं का खर्चा बच गया। गांव-गांव में इंटरनेट पहुंचा। यह सरकार ऐसी है, जो गरीब का नाम नहीं लेती, लेकिन उसके कल्याण के लिए काम करती है। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सबसे ज्यादा अल्पसंख्यक और दलितों को हुआ। कांग्रेस ने दलितों और अल्पसंख्यकों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
'केंद्र ने सभी वर्गों के लिए काम किया'
शेखावत ने कहा, यह भ्रांति फैलाई गई कि बीजेपी ब्राह्मण-बनियों की पार्टी है, लेकिन यह समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। बीजेपी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए सबसे ज्यादा काम किया। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किया। किसान की जमीन की गुणवत्ता की जांच से लेकर उसके खरीद की प्रक्रिया सरल की, एमएसपी बढ़ाई। यूक्रेन-रूस युद्ध में खाद की आपूर्ति गड़बड़ाई, दरें बढ़ी, लेकिन उसे सरकार ने वहन किया। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। महिलाओं का सामर्थ्य बढ़ाने का काम किया। हर घर नल का काम चल रहा है।
'जैसलमेर में गार्ड ऑफ ऑनर'
जैसलमेर में शेखावत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शेखावत ने रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेव जी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश में खुशहाली व अमन चैन की कामना की। पवित्र नगरी रामदेवरा में प्रवेश करने से पहले बाबा रामदेव नन्दी गौशाला में गौ माता को गुड़ खिलाया। गौशाला में पौधरोपण किया। उनका गौशाला परिवार की ओर से स्वागत किया गया।
केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत...
जैसलमेर से पोकरण तक लाठी, धोलिया, खेतोलाई, गोमट, रामदेवरा सहित अनेक स्थानों पर ग्रामीणों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। शेखावत ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर आत्मीयता से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सारदा, महन्त प्रतापपुरी महाराज, पूर्व विधायक शैतान सिंह, जिला प्रमुख प्रताप सिंह, सांकड़ा प्रधान भगवत सिंह, समाजसेवी तरेंद्र सिंह, कंवरराज सिंह, पवन कुमार सिंह भाटी, पूर्व प्रधान अभिषेक भादू, रावल ज्यानी, मदन सिंह राजमथाई सहित अनेक बीजेपी नेता जैसलमेर, पोकरण, रामदेवरा दौरे पर शेखावत के साथ रहे।