Rajasthan: जसकौर मीणा के आरक्षण छोड़ने की अपील पर किरोड़ी का पलटवार, कहा-सांसद की आरक्षित सीट से दें इस्तीफा
लोकसभा सांसद जसकौर मीणा ने समाज के सक्षम लोगों से आरक्षण छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने बच्चों को आरक्षण का लाभ नहीं दिलवाया।
विस्तार
दौसा में आरक्षण को लेकर दो भाजपा सांसद आमने सामने हो गए हैं। लोकसभा सांसद जसकौर मीणा ने सक्षम लोगों से आरक्षण का लाभ छोड़ने के बात कही थी। जसकौर मीणा ने कहा कि मेरी तरह सक्षम लोगों को आरक्षण का लाभ छोड़ देना चाहिए। जिसपर सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने पलवार करते हुए कहा कि ऐसे बयानों का कोई तुक नहीं है।
जसकौर मीणा ने कहा कि मैं आपके सामने बैठी हूं, जबकि मैं ना कॉलेज में पढ़ी, ना स्कूल में पढ़ी। जब मैं सांसद बन गई तो मैंने अपने बच्चों को आरक्षण का लाभ नहीं दिलवाया। उन्होंने कहा कि हम सक्षम लोग कम से कम अपने समुदाय के पांच गरीब बच्चों को पढ़ाएं। मैं 158 बच्चियों को इस साल निशुल्क पढ़ा रही हूं। अगले साल और ज्यादा बच्चों को पढ़ाऊंगी। उन्होंने कहा कि हम बराबरी के आदर्श मानने वाले हैं क्योंकि हम भाजपा की विचारधारा को आत्मसात किए हुए हैं।
किरोड़ी बोले-दें इस्तीफा
राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने जसकौर मीणा के बयान पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह उनका अपना बयान है लेकिन अभी मीणा समाज के लोग सक्षम नहीं हुए हैं। अभी उन्हें और जरूरत है। ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। ऐसे बयानों का कोई तुक नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वे सांसद की आरक्षित सीट छोड़ रही हैं तो इस्तीफा दें। जिससे उपचुनाव हो और दूसरे को मौका मिले।