Dholpur: ऑफिस में घुसकर बाड़ी जेईएन और एईएन के साथ बेरहमी से मारपीट, कांग्रेस नेता का बेटा है एईएन
धौलपुर के बाड़ी के जेईएन और एईएन बदमाशों के हमले में घायल हो गए हैं। बदमाशों ने दोनों अधिकारियों का पैर तोड़ दिया है।
विस्तार
धौलपुर के बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय में सोमवार दोपहर दर्जन भर लोगों ने घुसकर एईएन और जेईएन के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए जेईएन और एईएन को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां एईएन की हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल पहुंचे विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता बीएल वर्मा ने बताया कि बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय में बैठकर दोनों अधिकारी विद्युत की बकाया वसूली को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान दस से पंद्रह लोग लाठी-डंडे लेकर ऑफिस में घुस गए, जहां उन्होंने जेईएन नितिन गुलाटी और हर्षदापति की बेरहमी से पिटाई कर दी। अधिकारियों की पिटाई होता देख निगम कार्यालय में मौजूद दूसरे विद्युत निगम के कर्मचारी भाग खड़े हुए। दोनों अधिकारियों की पिटाई करने के बाद आरोपी विद्युत निगम कार्यालय से भाग गए।हथियारबंद आरोपियों के निगम कार्यालय से भाग जाने के बाद निगम के कर्मचारी कार्यालय में पहुंचे, जहां मारपीट में गंभीर रूप से घायल पड़े दोनों अधिकारियों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया।
मारपीट में घायल हुए दोनों अधिकारियों की सूचना मिलते ही निगम के अधीक्षण अभियंता सहित कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंच गए। मारपीट में दोनों अधिकारियों के पैर टूट गया है। साथ पेट में गंभीर चोटें आई हैं। जिसको लेकर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया है। मारपीट की खबर मिलते ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर सहित बाड़ी कोतवाल विजय सिंह मीणा अस्पताल पहुंचे।
कांग्रेस नेता का पुत्र है बाड़ी विद्युत निगम का एईएन
मारपीट में घायल हुए बाड़ी विद्युत निगम के एईएन हर्षदापति की हालत नाजुक बनी हुई है। जिसे चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए रेफर कर दिया है। निगम कर्मचारियों ने बताया कि एईएन के पिता कैप्टन मुकेश वाल्मीकि साल 2003 में कांग्रेस की टिकट पर फागी से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।
हमलवारों की नहीं हुई पहचान
निगम कार्यालय में हुई मारपीट के बाद दोनों अधिकारी सहमे हुए हैं। घटना के बाद दोनों ही अधिकारियों ने हमलवारों को पहचानने से इंकार कर दिया।