01:47 PM, 29-Jun-2023
राजस्थान रेप में नंबर वन
भाजपा कार्यालय के उद्घाटन समारोह में जेपी नड्डा ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- राजस्थान भ्रष्टाचार में डूबा हुआ प्रदेश है। रेप में नंबर वन है। कांग्रेस सरकार योजनाओं में भष्ट्राचार कर रही है, प्रदेश में महिलाएं और युवतियां सुरक्षित नहीं हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान में कमल खिलना चाहिए।
01:41 PM, 29-Jun-2023
भाजपा अध्यक्ष नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, प्रभारी अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच, सांसद रंजीता कोली, जिला अध्यक्ष ऋषि बंसल सहित प्रदेश और जिले के संगठन पदाधिकारी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है सभा के बाद नड्डा इन सभी नेतओं के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
01:31 PM, 29-Jun-2023
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भरतपुर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। साथ ही बाड़मेर और जैसलमेर में भाजपा कार्यालय का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। जेपी नड्डा उद्घाटन के लिए किए गए धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को घर-घर तक कैसे पहुंचाएं।
11:36 AM, 29-Jun-2023
भरतपुर संभाग में भाजपा का एक भी विधायक नहीं
सियासी समीकरण के लिहाज से भरतपुर संभाग में भाजपा की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। वर्ष 2018 के चुनावों में पार्टी यहां 19 में से सिर्फ एक सीट जीत पाई थी। ये सीट जीतने वाली धौलपुर से विधायक शोभारानी कुशवाह ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर दिया था। जिसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया था। इस लिहाज से भरतपुर संभाग में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है।
11:34 AM, 29-Jun-2023
भरतपुर संभाग भाजपा के लिए अहम
राजस्थान विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं के प्रदेश में लगातार दौरे कर रहे हैं। भरतपुर संभाग भाजपा के लिए हमेशा अहम रहा है। ऐसे में जेपी नड्डा की सभा को लेकर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच कई दिन से यहां डेरा डाले हुए हैं। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी कई बार दौरा कर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।
11:21 AM, 29-Jun-2023
JP Nadda Rajasthan Visit Live : भरतपुर में नड्डा ने किया BJP कार्यालय का उद्घाटन, कहा- प्रदेश में कमल खिलना है
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा गुरुवार को भरतपुर दौरे पर आ रहे हैं। वे सुबह करीब 11 बजे काली की बगीची के पास स्थित नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अपना घर आश्रम से संस्थापक अध्यक्ष डॉ. बीएम भारद्वाज से मुलाकात के लिए बझेरा जाएंगे। दोपहर 12 बजे नदबई में जनसभा को संबोधित करेंगे।