फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaisalmer News ›   jaisalmer municipal council election 2026 80 95 percent polling elderly voters 44 wards

निकाय चुनाव: कदम धीमे, हौसला बुलंद... जैसलमेर में बुजुर्गों ने दिखाया लोकतंत्र का जज्बा, 80.95% मतदान

Thu, 10 Sep 2026 08:53 AM IST
जैसलमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Thu, 10 Sep 2026 08:53 AM IST
सार

जैसलमेर नगर परिषद आम चुनाव-2026 में 44 वार्डों के लिए 80.95 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 35,837 मतदाताओं में से 29,009 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह दिखा।

विज्ञापन
jaisalmer municipal council election 2026 80 95 percent polling elderly voters 44 wards
बुजुर्गों ने बढ़ाया मतदान का मान - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उम्र बढ़ने के साथ भले ही कदमों की रफ्तार धीमी हो गई हो, लेकिन लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और मतदान का उत्साह कम नहीं हुआ। जैसलमेर नगर परिषद आम चुनाव-2026 के मतदान दिवस पर शहर के कई मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं की ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली। कोई बुजुर्ग बेटे या परिवार के सदस्य का हाथ थामकर मतदान केंद्र पहुंचा तो किसी को परिजन सहारा देकर बूथ तक लेकर आए। कई बुजुर्ग छड़ी के सहारे धीरे-धीरे कदम बढ़ाते हुए मतदान करने पहुंचे। शारीरिक कमजोरी और उम्र की चुनौतियों के बावजूद मतदान करने की उनकी इच्छा लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था दिखाती नजर आई।

विज्ञापन

बुधवार को जैसलमेर नगर परिषद के 44 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ। शहर के मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लिया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और समाज के अलग-अलग वर्गों के मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। दिन बढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या भी बढ़ती गई और शाम तक मतदान प्रतिशत 80 फीसदी के पार पहुंच गया।

विज्ञापन

44 वार्डों में 35,837 मतदाता थे पंजीकृत

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के अनुसार, जैसलमेर नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। इनमें वार्ड संख्या 23 में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गया था, इसलिए वहां मतदान नहीं कराया गया। बाकी 44 वार्डों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

इन 44 वार्डों में कुल 35,837 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 29,009 मतदाताओं ने मतदान किया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार जैसलमेर नगर परिषद चुनाव में 80.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सुबह 10 बजे 21.96%, शाम तक 79.66% पहुंचा मतदान

मतदान को लेकर शहरवासियों का उत्साह पूरे दिन दिखाई दिया। निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से मिले आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 21.96 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके बाद मतदान की रफ्तार लगातार बढ़ती गई।

सुबह 10 बजे तक: 21.96 प्रतिशत
दोपहर 1 बजे तक: 47.11 प्रतिशत
अपराह्न 3 बजे तक: 63.77 प्रतिशत
शाम 6 बजे तक: 79.66 प्रतिशत
अंतिम मतदान प्रतिशत: 80.95 प्रतिशत

आंकड़ों से साफ है कि मतदाताओं ने पूरे दिन लगातार मतदान किया। दोपहर के बाद भी मतदान केंद्रों पर लोगों की आवाजाही बनी रही और अंत में मतदान प्रतिशत 80 फीसदी से अधिक पहुंच गया।

बुजुर्गों ने दिया लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश

मतदान दिवस पर सबसे खास तस्वीर बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी की रही। कई मतदान केंद्रों पर ऐसे बुजुर्ग पहुंचे, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी, लेकिन मतदान करने का उनका संकल्प मजबूत था। परिजन उन्हें घर से मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। कुछ बुजुर्गों ने मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर आराम किया और फिर अपनी बारी आने पर मतदान किया।

कहीं बेटा अपने बुजुर्ग माता-पिता का हाथ थामे नजर आया तो कहीं परिवार के दूसरे सदस्य उन्हें सहारा देते दिखे। छड़ी के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे बुजुर्गों ने संदेश दिया कि लोकतंत्र में भागीदारी के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। उनके लिए मतदान सिर्फ संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है।

महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर किया मतदान

मतदान केंद्रों पर महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। सुबह से शाम तक महिला मतदाता अपने परिवार के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचती रहीं। वहीं युवा मतदाताओं में भी चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया। कई मतदान केंद्रों पर पहली बार मतदान करने वाले युवा भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे।

नगर परिषद चुनाव में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और समाज के अन्य वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने मतदान प्रक्रिया को लोकतंत्र के व्यापक जनोत्सव का रूप दिया।

पर्यवेक्षक, कलक्टर और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने दिनभर व्यवस्थाओं पर नजर रखी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल और जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने अलग-अलग मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधाओं, निर्वाचन व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

जैसलमेर नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जैसलमेर वीरेंद्र सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और किसी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी गई।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं का जताया आभार

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल और जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने जैसलमेर नगर परिषद चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान के लिए शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

अधिकारियों ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों, पुलिस बल तथा अन्य संबंधित विभागों का भी आभार व्यक्त किया।

अब चुनाव परिणाम का इंतजार

जैसलमेर नगर परिषद चुनाव का मतदान संपन्न होने के साथ ही अब सभी की नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। मतदान दिवस पर बड़ी संख्या में मतदाताओं की भागीदारी ने एक बार फिर दिखाया कि लोकतंत्र की मजबूती में आमजन की सक्रिय भागीदारी सबसे अहम है। खासतौर पर उम्र और शारीरिक परेशानियों के बावजूद मतदान केंद्र तक पहुंचे बुजुर्ग मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपने कर्तव्य का प्रेरक उदाहरण पेश किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed