RPSC Appointment News: आरपीएससी में भाजपा सरकार की नई नियुक्तियां, दोनों मेंबर संघ बैकग्राउंड से
राजस्थान सरकार ने आरपीएससी में प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक कुमार शर्मा को सदस्य नियुक्त किया है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक केसरी सिंह राठौड़ कार्यवाहक अध्यक्ष रहेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में दो नए सदस्यों की नियुक्ति के साथ ही आयोग के नेतृत्व को लेकर नई तस्वीर सामने आई है। भाजपा सरकार ने प्रो. संतोष आनंद और डॉ. दीपक कुमार शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया है, जबकि नए स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति तक कांग्रेस सरकार के समय नियुक्त किए गए वरिष्ठ सदस्य लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) केसरी सिंह राठौड़ को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शुक्रवार देर रात दोनों नए सदस्यों की नियुक्ति के आदेश जारी किए। दोनों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से छह वर्ष या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा।
यह नियुक्तियां ऐसे समय में हुई हैं जब आरपीएससी अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू का कार्यकाल 19 जून को समाप्त हो गया। साहू को भाजपा सरकार ने जून 2025 में आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद आयोग की कमान फिलहाल वरिष्ठ सदस्य केसरी सिंह राठौड़ के हाथों में रहेगी।
यह भी पढें- Rajasthan: री-NEET 2026 को लेकर हाई अलर्ट, कोचिंग से हॉस्टल तक निगरानी; 611 केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा
नई नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। दोनों नए सदस्य शिक्षा जगत से जुड़े रहे हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय से जुड़े होने की पहचान रखते हैं।
डॉ. दीपक कुमार शर्मा हाल ही में कॉलेज शिक्षा विभाग में प्राणीशास्त्र के प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे उच्च शिक्षा क्षेत्र में कई प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से भी जुड़े रहे हैं।
वहीं प्रो. संतोष आनंद वर्तमान में भीलवाड़ा के एमएलवी राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य हैं। वे विद्यार्थी परिषद और विद्या भारती सहित संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं।
आरपीएससी में इन नियुक्तियों के बाद अब सबकी नजर आयोग के नए स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति पर है। राज्य सरकार आने वाले दिनों में अध्यक्ष पद पर भी फैसला ले सकती है, क्योंकि आयोग के सामने भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित हैं।