नए साल पर सरस घी हुआ महंगा, RCDF ने 15 लीटर वाले टिन पर बढ़ाए दाम
RCDF ने नए साल पर सरस घी के दाम 20 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए हैं। 15 किलो टिन अब 300 रुपये महंगा हो गया। हालांकि एक लीटर पैक की कीमत में बदलाव नहीं किया गया है।
विस्तार
राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) ने नए साल की शुरुआत में सरस घी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। फेडरेशन ने बीती रात आदेश जारी करते हुए प्रदेश में सरस घी के दाम 20 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए। इसके बाद 2 जनवरी से डेयरी और अन्य विक्रय केंद्रों पर सरस घी महंगे दामों पर मिलने लगा है। कीमत बढ़ने के बाद सरस घी (सामान्य) का 15 किलोग्राम टिन पैक अब 9045 रुपये की बजाय 9345 रुपये में उपलब्ध हो रहा है। वहीं, सरस गाय घी का 15 किलोग्राम टिन पैक, जो पहले 9330 रुपये में मिलता था, अब 9630 रुपये में बिक रहा है।
गौरतलब है कि पिछले साल 22 सितंबर को केंद्र सरकार ने आम उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से घी समेत अन्य दुग्ध उत्पादों पर जीएसटी की दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी थी। इससे घी की कीमतों में करीब 37 रुपये प्रति लीटर की कमी आई थी। हालांकि, RCDF द्वारा की गई ताजा बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं पर एक बार फिर बोझ बढ़ गया है।
यह भी पढें- Rajasthan: राजस्थान में 'ग्रीन क्रेडिट' नीति लागू; पर्यावरण संरक्षण निवेश पर नकद छूट,जानें कैसे मिलेगा लाभ
चार माह में दूसरी बार बढ़ोतरी
RCDF ने इससे पहले अगस्त महीने में भी सरस घी की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उस दौरान 15 किलोग्राम टिन के साथ-साथ 1 लीटर और 5 लीटर पैक पर भी 20 रुपये प्रति लीटर की दर से दाम बढ़ाए गए थे। 2 जनवरी से लागू हुई इस बढ़ोतरी का असर एक लीटर पैक पर नहीं पड़ेगा। वर्तमान में एक लीटर सरस घी (सामान्य) 551 रुपये और एक लीटर सरस गाय घी 570 रुपये की दर से ही उपलब्ध रहेगा।