Rajasthan: एक सप्ताह में दूसरी बार राजस्थान आ रहे पीएम मोदी, सांवलिया सेठ के करेंगे दर्शन
चुनावी साल है, एक महीने बाद राजस्थान में विधानसभा चुनाव है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे भी लगातार हो रहे हैं। हाल ही में 25 सितंबर को प्रधानमंत्री ने जयपुर में एक सभा को संबोधित किया था, उसके बाद अब एक बार फिर पीएम मोदी राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी ने मिशन मरूधरा को पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सप्ताह में ही दूसरी बार राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी कल यानी दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर चित्तौड़गढ़ में सांवलियाजी के दौरे पर आ रहे हैं। यहां रेलवे के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्याास करने के बाद पीएम मोदी चुनावी आमसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रदेश में सत्ता के महासंग्राम में बीजेपी पूरी ताकत के साथ उतर रही है। परिवर्तन यात्राओं के बाद बीजेपी ने 25 सितंबर को जयपुर के दादिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र की मोदी की परिवर्तन संकल्प महासभा हुई। सभा में पीएम मोदी ने बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं जनता को बूथ-बूथ पर कमल खिलाने का आह्वान किया था। इसके दो दिन बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी जयपुर में चुनाव को देखते हुए कोर ग्रुप की बैठक ली।
इसके बाद अब एक बार फिर दो अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान दौरा तय हुआ है। गांधी जयंती के दिन पीएम मोदी चित्तौड़ जिले के सांवलियाजी में बड़ी रैली को संबोधित करने राजस्थान आ रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी रेलवे कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। रैली व सभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ चित्तौड़ पहुंच गए हैं। जोशी व राठौड़ ने सभा को सफल बनाने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक ली और सभा स्थल का जायजा लिया।
मोदी के दौरे से बूस्ट अप होगी राजस्थान भाजपा
पीएम मोदी के एक सप्ताह में ही दूसरी बार दौरे से राजस्थान बीजेपी बूस्ट अप होगी। पीएम के दौरे को लेकर बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। बीजेपी नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी राजस्थान के विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से चेहरा है। ऐसे में उनके बार-बार दौरों से कार्यकर्ताओं में प्राण फूंकने के साथ ही जनता में भी संजीवनी का काम कर रहे हैं। पीएम मोदी के भाषणों से कार्यर्ताओं में जोश का संचार होता है।
एक साल में 10वीं बार मरूधरा पर मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साल में 10वीं बार मरूधरा पर आ रहे हैं। प्रदेश में इस साल चुनाव है, ऐसे में राजस्थान की पूरी चुनावी बागडोर पीएम मोदी ने अपने हाथ में ले रखी है। मोदी लगातार अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए राजस्थान में अपनी सभा कर रहे हैं। पिछले एक साल से लगातार पीएम मोदी नौ बार राजस्थान का दौरा कर चुके हैं और अब दो अक्तूबर को 10वीं बार सांवलिया जी आ रहे हैं।
कब-कब पीएम मोदी आए दौरे पर
- 30 सितंबर 2022 में अंबा माता के दर्शन के लिए आते समय आबूरोड रुके थे
- एक नवंबर 2022 में बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम
- 28 जनवरी 2023 को गुर्जर समुदाय के आस्था के स्थल आसींद भीलवाड़ा दौरे पर आए थे
- 12 फरवरी 2023 को दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन पर आए थे
- 12 मई 2023 को पीएम मोदी ने नाथद्वारा और आबूरोड में रैली की थी
- 31 मई 2023 को अजमेर पुष्कर दौरे पर आए तथा अजमेर में सभा को किया संबोधित
- आठ जुलाई 2023 को बीकानेर में अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस हाइवे का उद्घाटन किया था
- 27 जुलाई को पीएम मोदी ने सीकर में जनसभा को संबोधित किया था
- 25 सितंबर को जयपुर में परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित किया था
- अब दो अक्तूबर को सांवलिया चित्तौड़ में रेलवे कार्यों का लोकार्पण व सभा
मेवाड़ की सियासी गणित
मेवाड़ अर्थात उदयपुर संभाग जिसमें छह जिले बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, उदयपुर और प्रतापगढ़ शामिल हैं। संभाग में 28 विधानसभा सीटें है, जहां पर बीजेपी का दबदबा है। साल 2018 के चुनाव में 28 में से 15 सीटों पर भाजपा का कब्ज़ा है, जबकि 10 सीटों पर कांग्रेस और तीन अन्य के पास है। पीएम मोदी रैली के जरिए मेवाड़ के गढ़ को और मजबूत करेंगे।
बता दें कि मोदी की दो अक्तूबर को चित्तौड़गढ़ में होने वाली सभा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने तैयारीयों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभा स्थल पर सुरक्षा, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा, कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार से प्रदेश की जनता पूरी तरह त्रस्त है। जनता ने अब मन बना लिया है कि कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। दो अक्तूबर को सभा में विश्व और देश के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने के लिए प्रदेश भर से लाखों की संख्या में आमजन चित्तौड़गढ़ आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले सांवलिया सेठ जी के दर्शन करेंगे, उसके बाद चित्तौड़गढ़ में सुबह 11 बजे विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उसके पश्चात सभा को संबोधित करेंगे।