फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Rajasthan Panchayat Polls Deferred Again: Dotasara Targets BJP

पंचायत चुनाव की लॉटरी फिर टली: डोटासरा बोले- चुनाव से कब तक भागेगी भाजपा?

Tue, 15 Sep 2026 05:49 PM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: Sourabh Bhatt Updated Tue, 15 Sep 2026 05:49 PM IST
सार

राजस्थान में पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी फिर टली। 17-18 सितंबर को प्रस्तावित लॉटरी निकाय चुनाव के चलते स्थगित हुई। डोटासरा ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए पूछा- चुनाव से कब तक भागेगी?

विज्ञापन
Rajasthan Panchayat Polls Deferred Again: Dotasara Targets BJP
राज्य निर्वाचन आयोग

विस्तार

राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, सरपंच और पंचों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया एक बार फिर स्थगित हो गई है। 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित लॉटरी को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने मंगलवार को जारी आदेश के जरिए टाल दिया। लॉटरी स्थगित होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

विज्ञापन

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि नगरीय निकाय चुनाव में झटका लगने के बाद भाजपा अब पंचायत चुनाव से बचने के रास्ते तलाश रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा चुनाव से कब तक भागेगी?

विज्ञापन

डोटासरा ने कहा कि एक तरफ भाजपा ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तक आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में जनता के आक्रोश से घबराकर सरकार चुनाव की प्रक्रिया टाल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

डोटासरा के मुताबिक, चुनाव की तारीख या प्रक्रिया टालने से जनता का सामना करने से बचा नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि नगरीय निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी जनता भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है।

कलेक्टरों के अनुरोध पर टली लॉटरी

सरकार की ओर से लॉटरी स्थगित करने की वजह अलग बताई गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के आदेश के मुताबिक, अलग-अलग जिला कलेक्टरों ने लॉटरी प्रक्रिया स्थगित करने का अनुरोध किया था।

कलेक्टरों का कहना था कि 17 और 18 सितंबर को नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। पंचायतों की आरक्षण लॉटरी भी जिला कलेक्टरों की मौजूदगी में होनी है। ऐसे में दोनों प्रक्रियाएं एक साथ होने से प्रशासनिक स्तर पर परेशानी हो सकती है।

इसी के चलते फिलहाल पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी स्थगित कर दी गई है। अब नगरीय निकायों की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत चुनाव की लॉटरी के लिए नई तारीख तय की जाएगी।
 

यह भी पढें- निकाय चुनाव में वोटों का अलग गणित: 19 जिलों में BJP आगे, 11 में कांग्रेस और 11 में निर्दलीयों ने मारी बाजी

 

पहले भी टल चुकी है लॉटरी

पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी पहले भी स्थगित हो चुकी है। इससे पहले अगस्त में प्रस्तावित लॉटरी को टाल दिया गया था। उस समय सरपंच और वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जानी थी।

अब सितंबर में प्रस्तावित लॉटरी भी स्थगित होने से पंचायत चुनाव की तैयारियों का अगला चरण आगे खिसक गया है। नई तारीख घोषित होने के बाद जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, सरपंच और पंचों के आरक्षण की तस्वीर साफ होगी।

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजर पंचायत चुनाव पर है। निकाय चुनाव के नतीजों ने भी गांवों और स्थानीय स्तर के राजनीतिक समीकरणों को लेकर पार्टियों की रणनीति को प्रभावित किया है।

कांग्रेस लॉटरी स्थगित होने को सरकार की चुनावी रणनीति से जोड़ रही है, जबकि सरकारी आदेश में इसकी वजह जिला कलेक्टरों का अनुरोध और निकाय चुनाव की समान तारीखों पर चल रही प्रक्रिया बताई गई है। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी की नई तारीख कब घोषित होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed