{"_id":"65c3bb5fd2648ff68b0d0e2b","slug":"pro-kabaddi-league-dabang-delhi-will-have-to-wait-longer-for-playoffs-jaipur-pink-panthers-topper-2024-02-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pro Kabbadi League: दबंग दिल्ली को प्लेऑफ के लिए करना होगा अभी और इंतजार, टॉपर बनी जयपुर पिंक पैंथर्स","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Pro Kabbadi League: दबंग दिल्ली को प्लेऑफ के लिए करना होगा अभी और इंतजार, टॉपर बनी जयपुर पिंक पैंथर्स
Wed, 07 Feb 2024 10:48 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 07 Feb 2024 10:48 PM IST
सार
दबंग दिल्ली को प्लेऑफ के लिए अभी और इंतजार करना होगा। 13वीं जीत के बाद फिर से जयपुर पिंक पैंथर्स टेबल टॉपर बनी हुई है।
विज्ञापन
टॉपर बनी जयपुर पिंक पैंथर्स
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मौजूदा चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 10वें सीजन में एक बार फिर से प्वॉइंट टेबल में नंबर वन टीम बन गई है। जयपुर ने बुधवार को यहां त्यागराज इंडोर स्टेडियम में खेले गए सीजन के 110 वें मैच में मेजबान दबंग दिल्ली को 27-22 से हरा दिया। जयपुर के लिए अर्जुन देशवाल ने एक बार फिर से सुपर-10 लगाया जबकि दिल्ली के लिए आशू मलिक ने नौ अंक हासिल किए। हार के बाद दिल्ली को प्लेऑफ के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
विज्ञापन
मौजूदा चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स की 19 मैचौं में यह 13वीं जीत है और टीम के अब 77 अंक हो गए हैं। जयपुर इसके साथ ही अंकतालिका में फिर से नंबर वन बन गई है। दबंग दिल्ली को 20 मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा है। टीम के खाते में अभी 69 अंक है और वह तीसरे नंबर पर है।
विज्ञापन
अपने होम लेग के आखिरी मुकाबले में दबंग दिल्ली की शुरुआत सही नहीं रही और मेजबान टीम पहले पांच मिनट के खेल में 0-5 से पीछे हो गई। जयपुर पिंक पैंथर्स ने फिर अगले ही मिनट में दबंग दिल्ली को ऑल आउट कर दिया और पहले छह मिनट के खेल में ही 10-2 की बढ़त बना ली। दिल्ली के लिए मीतू ने सातवें मिनट में पहला टच प्वॉइंट दिलाया। अर्जुन देशवाल के लगातार प्वॉइंट के दम जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम पहले 10 मिनट के खेल में 12-5 से आगे थी।
विज्ञापन
जयपुर पिंक पैंथर्स का अगले 10 मिनट के खेल में भी दबदबा देखने को मिला। दिल्ली के लिए डिफेंस प्वॉइंट नहीं ले पा रही थी, लेकिन फिर इसके बाद डिफेंस ने अपना खाता खोल लिया। इसके बावजूद 15वें मिनट तक जयपुर के पास दोगुनी लीड थी और उसका स्कोर 14-7 का हो चुका था। जहां एक तरफ जयपुर के लिए अर्जुन चल रहे थे, तो वहीं दिल्ली के लिए आशू लय में नहीं लौट पा रहे था। पहले हाफ के अंतिम मिनट में आशू बिना टच किए ही लॉबी में चले गए और जयपुर की बढ़त और ज्यादा मजबूत हो गई। इसके साथ ही जयपुर पिंक पैंथर्स ने ब्रेक पर जाने से पहले तक 16-9 की लीड बना ली।
हाफ टाइम के बाद मैट पर लौटी दिल्ली ने अपनी दबंगई दिखानी शुरू कर दी। लेकिन टीम जयपुर की बराबरी नहीं कर पा रही थी। 25वें मिनट तक पिंक पैंथर्स के पास आठ प्वॉइंट की लीड बरकरार थी और टीम 19-11 से आगे थी। अगले पांच मिनट में भी जयपुर की ओर से दमदार खेल देखने को मिला। अर्जुन के एक और सुपर-10 के दम पर जयपुर की टीम के पास 30वें मिनट तक 22-15 की बढ़त कायम थी।
मेजबान दबंग दिल्ली ने अंतिम 10 मिनट के खेल में भी वापसी का बिगुल बजा दिया क्योंकि 34वें मिनट तक जयपुर के पास केवल चार प्वॉइंट की लीड रह गई थी। कप्तान आशू मलिक के दम पर दिल्ली ने दो मिनट बाद फिर से प्वॉइंट लेकर जयपुर को ऑल आउट की तरफ धकेलने की कोशिश की।
अंतिम पांच मिनट के दौरान जयपुर के पास केवल दो ही प्वॉइंट की लीड बची थी और स्कोर 23-21 का था। 38वें मिनट में हालांकि आशू टैकल कर लिए गए और जयपुर के पास फिर से चार प्वॉइंट की लीड हो गई। जयपुर पिंक पैंथर्स ने फिर अंतिम मिनटों तक इस लीड को कम नहीं होने दिया और 27-22 के स्कोर के साथ दबंग दिल्ली को उसके घर में हरा दिया।