जयपुर डंपर हादसा: स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने की 13 लोगों की मौत की पुष्टि; CM भजनलाल ने दिए निगरानी के निर्देश
Jaipur Dumper Havoc: जयपुर के हरमाड़ा इलाके में हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत और 10 घायल हो गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीन मंत्रियों को ट्रॉमा सेंटर भेजकर राहत व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने हादसे पर शोक जताया।
विस्तार
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत और 10 लोग घायल हो चुके हैं। राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने हादसे में मौतों की पुष्टि की है। घटना के बाद घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है- छह घायल एसएमएस ट्रॉमा सेंटर, दो सवाई मानसिंह (CSK) और दो कांवटिया अस्पताल में इलाजरत हैं। ट्रॉमा सेंटर में छह शव लाए गए, जबकि अन्य मृतकों के शव कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए राहत के निर्देश, तीन मंत्री पहुंचे अस्पताल
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, सुमित गोदारा और सुरेश सिंह रावत को तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा है। तीनों मंत्रियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की चिकित्सा व्यवस्था का निरीक्षण किया और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जिला कलेक्टर जीतेंद्र सोनी और सांसद मंजू शर्मा भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Accident: कार को टक्कर मारने के बाद पांच गाड़ियों से टकराया डंपर, 50 को रौंदा; 13 लोगों की मौत
ट्रॉमा सेंटर के बाहर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
हादसे के बाद से ट्रॉमा सेंटर के बाहर परिजनों का कोहराम मचा हुआ है। कई परिवारों के सदस्य शोक में बेसुध हो गए। मृतकों में सीकर और निवाई के कई लोग शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, मृतकों में महेश मीणा और सुरेश मीणा भी शामिल हैं, जो काम से जयपुर लौटते समय हादसे की चपेट में आ गए। उनके परिवारजन का कहना है कि दोनों शादी-ब्याह के आयोजनों में पूड़िया तलने का काम करते थे और रोजमर्रा की मजदूरी पर जयपुर आए थे।
अस्पताल और हादसे वाले क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा, नेताओं ने जताया शोक
हादसे के बाद पुलिस ने अस्पतालों और दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि स्थिति पर नियंत्रण बना रहे। वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जयपुर के हरमाड़ा में एक भीषण सड़क हादसे में बड़ी जनहानि का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ है। मैं इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजनों की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 3, 2025
इस…
यह भी पढ़ें- जयपुर भीषण सड़क हादासा: ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे पांच शव, उन्हें देख फूट-फूट कर रो पड़े परिजन; आठ गंभीर घायल
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.