Vinesh Phogat: लोकसभा में बेनीवाल बोले- हम हमारी बहन विनेश के साथ खड़े हैं, सचिन पायलट ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
विनेश फोगाट के ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा, वह विनेश फोगाट के साथ खड़े हैं। वहीं, सचिन पायलट ने फोगाट के अयोग्य घोषित होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
विस्तार
ओलंपिक रेसलिंग के फाइनल मुकाबले में ओवरवेट होने की वजह से डिक्वॉलिफाई कर दी गई विनेश फोगाट को लेकर नेताओं के बयान आने शुरू हो गए हैं। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया। उन्होंने मामले में पीएम मोदी को हस्तक्षेप करने की मांग की है।
विनेश फोगाट को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विनेश को वापस खिलवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खाली ट्वीट करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज विनेश के साथ खड़ा है।
डोटासरा बोले, चैंपियन बेटी के साथ अन्याय एवं षड्यंत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ओलंपिक में फाइनल से पहले विनेश फोगाट को अयोग्य करार देना चैंपियन बेटी के साथ अन्याय एवं षड्यंत्र का इशारा कर रहा है। आज फाइनल मुकाबले से पहले सिर्फ कुछ ग्राम वजन अधिक बताकर डिस्क्वॉलिफाई करना संदेहास्पद एवं आश्चर्यचकित करने जैसा है। विनेश के साथ करोड़ों भारतीयों की उम्मीद और भावनाएं हैं। प्रधानमंत्री जी को इस मामले में हस्तक्षेप करके IOC से मानवीय आधार पर मौका देने का आग्रह करना चाहिए।
वहीं, टोंक विधायक तथा कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट ने भी फोगाट को डिस्क्वॉलिफाई किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अपनी जगह बना चुकीं विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय ओलंपिक संघ मजबूती से विनेश का पक्ष रखेगा और न्याय दिलवाएगा। हर चुनौती का डटकर मुकाबला करना ही एक असली चैंपियन की पहचान होती है। विनेश, आप हौसले को मजबूत रखिए और अपने परिश्रम पर विश्वास रखिए। देश हमेशा आपके साथ है। यह बयान राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बुधवार को दिया है।
एक ही दिन में #wrestling के तीन मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद विनेश फोगाट ओलंपिक कुश्ती के फाइनल में जगह बनाने वाली पहली महिला पहलवान बन गई हैं।
— Sachin Pilot (@SachinPilot) August 7, 2024
एक चैंपियन की तरह अपने ऊपर उठने वाले हर सवाल का जवाब आपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से दिया है।
फाइनल मुकाबले के लिए पूरे देश… pic.twitter.com/M4fuPBezO7