Rajasthan: ड्यूटी से लौट रहे SI की एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक मौत, दो कॉन्स्टेबल सहित तीन घायल
जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में कार घुसने से सपोटरा थाने के एसआई हनुमान मीणा की मौत हो गई। हादसे में दो कॉन्स्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें दौसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह एक भयावह सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डुबो दिया। करौली जिले के सपोटरा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर हनुमान मीणा की आगे चल रहे ट्रेलर में कार के जा घुसने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो कॉन्स्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है। यह हादसा जयपुर ग्रामीण के आंधी थाना क्षेत्र में नांगल बेला गांव के निकट चैनल नंबर 39 के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ।
मेरठ में किसी केस के सिलसिले में गए ये पुलिसकर्मी रात भर का सफर तय करके दिल्ली होते हुए लौट रहे थे। घायल रामनरेश मीणा ने बताया कि रात करीब दो बजे दिल्ली के पास सभी ने खाना खाया था। इसके बाद कार में पीछे बैठे रामनरेश, कॉन्स्टेबल कजोड़ जाट और रामराज बेरवा को कब नींद आ गई पता ही नहीं चला। एसआई हनुमान मीणा आगे ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे थे। तभी अचानक तेज़ रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई और देखते ही देखते सब कुछ बदल गया।
आंधी थाना इंचार्ज गोपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार ड्राइवर को झपकी आ गई होगी जिससे वह आगे चल रहे ट्रेलर से नहीं बच सका। यह भी संभावना जताई जा रही है कि ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से कार उससे जा टकराई। मृतक SI हनुमान मीणा 55 वर्षीय थे और सवाईमाधोपुर के चकेरी कुंडेरा के रहने वाले थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार और पुलिस विभाग दोनों शोक में हैं।