Bharatpur : मूसलाधार बारिश के कारण टूटा गांवों से संपर्क, सड़क कटने से गर्भवती महिला घर में फंसी
क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है। सड़क कटने के कारण डीग जिले के गांव नगला जनूथर में एक गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने में दिक्कत हो रही है। फिलहाल जिला कलेक्टर ने एक मेडिकल टीम को गर्भवती की देखभाल के लिए भेजा है।
विस्तार
भरतपुर रेंज के डीग में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आवागमन के रास्ते ढह गए हैं। गांव नगला जनूथर में एक गर्भवती महिला गर्भकाल पूरा होने पर प्रसव पीड़ा से गुजर रही है लेकिन बारिश से चलते कस्बे को जोड़ने वाली सड़क टूटने से गांव से संपर्क टूट गया है, जिसके चलते दिव्यांग गर्भवती महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।
नगला जनूथर निवासी सुमित्रा पत्नी हरेश ने बताया कि उसके पति बाहर मजदूरी करते हैं और सास भी बीमार हैं। पड़ोसी उसे अस्पताल ले जाना चाहते हैं लेकिन भारी बारिश के चलते कस्बे को जोड़ने वाला सड़क मार्ग कट चुका है, जिससे गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने में दिक्कत आ रही है।
प्रशासन को मामले की जानकारी देने पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क कटाव का जायजा लिया लेकिन अभी तक मार्ग को सही नहीं किया जा सका है। जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज के संज्ञान में मामला आते ही डीग से मेडिकल टीम को दिव्यांग गर्भवती महिला के घर भेजा गया है। साथ ही तहसीलदार जुगिता मीणा भी मौके के लिए रवाना हो गई हैं।