राजस्थान: पंचायत चुनाव में हंगामा और राजमार्ग जाम करने पर दो एफआईआर, आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द
सरवाड़ थाना क्षेत्र के लल्लाई और अजगरा में पंचायत चुनाव के दौरान हंगामा, मतदान केंद्र में जबरन प्रवेश, मारपीट और राजमार्ग जाम करने के मामलों में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होने की बात कही गई है।
विस्तार
24 अक्तूबर को संपन्न हुए पंचायत चुनाव के दौरान सरवाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लल्लाई में मतदान केंद्र पर जबरन प्रवेश कर पुलिस और मतदान दल के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व तोड़फोड़ करने तथा ग्राम अजगरा में मतगणना को लेकर विरोध जताते हुए अजमेर-केकड़ी-कोटा राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुलिस और प्रशासन ने नियमों का पालन करते हुए चुनाव संपन्न करवाए। इसके बावजूद अजगरा और लल्लाई में कुछ लोगों ने शांति व्यवस्था भंग करते हुए कानून को हाथ में लिया और आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। इनमें राजमार्ग जाम करने और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने जैसी घटनाएं शामिल हैं। सरवाड़ थाने में दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लल्लाई में मतदान केंद्र में घुसने का आरोप
प्रथम एफआईआर के अनुसार, पंचायत चुनाव के लिए लल्लाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर राजेंद्र चौधरी ने सरवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। निर्वाचन अधिकारी और मतदान दल के कर्मचारी अंदर शेष सरकारी कार्य कर रहे थे, जबकि पुलिसकर्मी मुख्य गेट पर तैनात थे।
इस दौरान सरपंच चुनाव में पराजित प्रत्याशी रामअवतार धाकड़, उसके गणन अभिकर्ता रामनारायण कुम्हार और सांवरलाल जाट सहित करीब 250 से 300 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मतदान केंद्र में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने मतदान दल के साथ भी मारपीट की। साथ ही वाहनों में तोड़फोड़, पथराव और मतदान सामग्री व मतपेटियों को छीनने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने रामअवतार धाकड़, रामनारायण कुम्हार और सांवरलाल जाट सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 190, 191(2), 121(1), 132, 127(2), 3 तथा पीडीपीपी एक्ट की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पढे़ं: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही
अजगरा में राजमार्ग पर लगाया जाम
दूसरी एफआईआर के अनुसार, सरवाड़ थाने के एएसआई रंगलाल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 24 अक्टूबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अजगरा मतदान केंद्र पर 10 से 15 लोग हंगामा कर रहे थे। वे मतगणना नहीं होने देने के नारे लगा रहे थे।
पुलिस के समझाने के बाद उक्त लोग अजगरा चौराहे पर पहुंच गए और अजमेर से केकड़ी-कोटा जाने वाले राजमार्ग को बाधित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया गया, लेकिन लोगों ने दोबारा राजमार्ग पर खड़े होकर आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक राजमार्ग बाधित रहने से आमजन को परेशानी हुई और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं। बाद में पुलिस ने समझाइश कर राजमार्ग खुलवाया।
इस मामले में पुलिस ने अजगरा निवासी सत्यनारायण माली, आनंद माली, अर्जुन पुत्र सत्यनारायण माली, मुरारी माली, रामरतन गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, मुरली प्रजापत, अजय सैनी और हेमराज धाकड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 189(2) और 285 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।