Rajasthan: जयपुर में असदुद्दीन ओवैसी की स्वागत में लगे देशविरोधी नारे, डीसीपी ने कहा-वायरल वीडियो भ्रामक
वायरल वीडियो कथित रूप से जयपुर के 22 गोदाम के पास नंदपुरी इलाके का बताया जा रहा है। जिसमें असदुद्दीन ओवैसी लोगों से घिरे दिख रहे हैं।
विस्तार
एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को जयपुर पहुंचे थे। अब ओवैसी की जयपुर यात्रा का सोशल मीडिया पर कथित रूप से एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें ओवैसी की मौजूदगी में लोग देशविरोधी नारे लगा रहे हैं।
अमर उजाला इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। कहा जा रहा है कि ये वीडियो जयपुर के 22 गोदाम के पास नंदपुरी इलाके का है। वीडियो में दिख रहा है कि असदुद्दीन ओवैसी अपनी कार की तरफ जा रहे हैं। लोगों की भारी भीड़ जुटी है। इसी बीच पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे।
डीसीपी ने कहा-वायरल करने वालों पर होगी कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डीसीपी साउथ मृदुल कच्छावा ने इस वीडियो को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे नहीं लगाए गए थे। कुछ लोगों की ओर से भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। भ्रामक वीडियो को वायरल करने वालों को सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने कहा कि वीडियो की जांच की गई है। वीडियो में किसी भी तरह का आपत्तिजनक कंटेट नहीं है।
बता दें कि अपने जयपुर दौरे पर ओवैसी ने करौली हिंसा को लेकर गहलोत सरकार को फेल बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की लचर व्यवस्था के कारण दंगा हुआ है। मुस्लिमों को टारगेट करके हिंसा की गई। सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वह लॉ एंड ऑर्डर को कंट्रोल करे।
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि हम उम्मीद कर रहे थे कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने पिछले कार्यकाल की गलतियों से सबक लेंगे। उस वक्त एक वर्ग के प्रमुख ग्रंथ को जलाया गया था, जिसमें भी फायरिंग में कई लोग मारे गए थे। ऐसा लगता है कि गहलोत ने पिछली गलतियों से कोई सबक नहीं सीखा।