पटियाला। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों समेत तीन की मौत हो गई। पुलिस ने मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थाना सदर समाना के अधीन गांव नसूपुर बस अड्डे के नजदीक एक तेज रफ्तार कार के चालक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मारी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक बलविंदर सिंह निवासी गांव फतेहपुर गढ़ी की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता महिंदर कुमार के बयान पर आरोपी कार चालक गुरलाल सिंह निवासी समाना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एक अन्य मामले में थाना बख्शीवाला के अधीन पड़ते गांव बड़ी रौणी स्थित वेयर हाउस गोदाम के बाहर तेज रफ्तार ट्रक से कुचले जाने के कारण मजदूर की मौत हो गई। मूल रूप से बिहार के रहने वाले मनोज मंडल हाल निवासी पटियाला ने बयान दिया है कि वह अपने भाई सिवी लाल मंडल के साथ उक्त गोदाम में पल्लेदारी का काम करने गए थे। ट्रक में बोरियां लोड करने बाद भाई सिवी लाल मंडल पानी पीने चला गया। इसी बीच ट्रक के उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी अभी पहचान नहीं हो सकी थी। तीसरे केस में थाना पसियाना के अधीन गांव जाहला के नजदीक एक तेज रफ्तार कार की ओर से मोटरसाइकिल में टक्कर मारने से मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बुजुर्ग के बेटे गुरतेज सिंह निवासी गांव सुल्तानपुर जिला पटियाला के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कार चालक की पहचान जश्नप्रीत सिंह निवासी गांव हरियाउ जिला संगरूर के तौर पर हुई है।