पटियाला में परनीत कौर का विरोध: कांग्रेस नेताओं का आरोप-कार्यकर्ताओं पर भाजपा में जाने का दबाव बना रहीं सांसद
समाना से विधायक राजिंदर सिंह ने सांसद परनीत कौर पर आरोप लगाया कि सांसद ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेसियों को शामिल होने के लिए फोन किए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में इन दिनों भले ही कड़ाके की ठंड पड़ रही हो, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस छोड़ने के बाद लगातार निशाने पर रहीं उनकी पत्नी व सांसद परनीत कौर के खिलाफ अब कांग्रेस में विरोध तेज हो गया है। बुधवार को पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह के बेटे व समाना हलके से विधायक राजिंदर सिंह ने परनीत कौर पर पार्टी के नेताओं व वर्करों पर फोन करके भाजपा में शामिल होने को दबाव बनाने के आरोप लगा दिए।
विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों जब कैप्टन अमरिंदर सिंह का समाना हलके में एक चुनावी कार्यक्रम था, तो उसके लिए भी परनीत कौर ने बकायदा हलके के कई कांग्रेसी नेताओं व वर्करों को फोन किया था। परनीत ने सभी को कैप्टन के कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने को कहा था। विधायक ने आगे कहा कि परनीत खुद क्यों कैप्टन की पार्टी में शामिल नहीं हो रही हैं। वह अभी तक कांग्रेस में हैं। यह परनीत के स्तर पर बेहद गलत राजनीति है। कांग्रेस पार्टी ने कैप्टन व परनीत को सालों से बड़े-बड़े ओहदे देकर नवाजा। उन्होंने आरोप लगाया कि कैप्टन की भाजपा साथ डील ही यही है कि पंजाब में कांग्रेस को किसी भी तरह से जीतने न दिया जाए। इसके बदले में केंद्र की भाजपा सरकार उनके परिवार के खिलाफ ईडी व इनकम टैक्स के जो मामले हैं, वह रफा-दफा करेगी।
100 फीसदी कैप्टन के साथ हैं परनीत-जिला प्रधान केके मल्होत्रा
कैप्टन की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के जिला शहरी प्रधान केके मल्होत्रा ने अमर उजाला से बात करते कहा कि इसमें क्या गलत है। हर राजनीतिक पार्टी खुद को मजबूत करने के लिए विरोधी दल से नेता व वर्कर तोड़ती है। साथ ही कहा कि एक-दूसरे पर आरोप लगाना तो राजनीति का हिस्सा है। जब परनीत कौर के कांग्रेस में होने बारे पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह 100 फीसदी कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ हैं। जैसे ही टिकटों के बंटवारे के बाद चुनावी समागम शुरू होंगे, तो परनीत कौर सार्वजनिक तौर पर कैप्टन के साथ मंच साझा करके इस बारे में एलान कर देंगी।