पंजाब में बिजली संकट बरकरार: आज से 10 जुलाई तक औद्योगिक इकाइयों को बंद रखने का आदेश, फैसले से नाराज उद्यमी
पंजाब में बिजली संकट अभी बरकरार है। इस बीच पावरकॉम ने प्रदेश में तीन दिनों तक औद्योगिक इकाइयों को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है। उधर, जालंधर में इस फरमान से उद्यमी भड़क उठे। उन्होंने तुरंत फैसले को वापस लेने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून में देरी और धान सीजन के कारण बिजली की बढ़ रही मांग को देखते हुए पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने वेस्टर्न, नार्थ और सेंट्रल जोन में तीन दिन औद्योगिक वीकली ऑफ का फैसला लिया है। पावरकॉम के जारी सर्कुलर के मुताबिक बुधवार सुबह आठ बजे से 10 जुलाई सुबह आठ बजे तक इंडस्ट्री में तीन दिन का वीकली ऑफ रखा जाए।
पावरकॉम के सेंट्रल जोन में लुधियाना, खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़, फरीदकोट की औद्योगिक इकाइयां, जबकि वेस्टर्न जोन में बठिंडा, मुक्तसर, फिरोजपुर और नार्थ जोन में जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला की औद्योगिक इकाइयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। खास बात यह है कि जरूरी इंडस्ट्री या अन्य छूट वाली कैटेगरी पर यह वीकली ऑफ लागू नहीं होगा। साथ ही वीकली ऑफ के दिनों में फिक्सड चार्जे लागू नहीं होगा।
बिजली खरीदने के लिए पावरकॉम को मिले 309 करोड़ रुपये
पंजाब सरकार ने पावरकॉम को 309 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है ताकि संकट में बिजली ओपन मार्केट से खरीदी जा सके। पावरकॉम ने पावर एक्सचेंज से 3.98 रुपये प्रति यूनिट की दर से 1080 मेगावाट बिजली खरीदी है। मानसा में तलवंडी साबो थर्मल प्लांट की दो यूनिट बंद होने कारण बिजली की खरीद की गई है।
उपभोक्ताओं के लिए विशेष मॉनीटरिंग सेल बनाए: सीएमडी
पावरकॉम के सीएमडी ए वेणु प्रसाद ने बताया कि बिजली जनरेशन में कमी के बावजूद पावरकॉम राज्य के घरेलू और खेतीबाड़ी खपतकारों की बिजली की जरूरत को पूरा करने का हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि पावरकॉम ने अपने फील्ड अफसरों और बाकी स्टाफ को हिदायत दी है कि वह खपतकारों और आम लोगों से बातचीत करें और उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करें। इसके अलावा विशेष मॉनीटरिंग सेल बनाए गए हैं, जो खपतकारों की सेवा के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।
तीन दिन का कट लगाने के फरमान से भड़के उद्यमी
पंजाब सरकार ने इंडस्ट्री पर बुधवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक 72 घंटे का कट लगा दिया है। इसके खिलाफ जालंधर में गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की अगुवाई में उद्यमियों ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला हमें मंजूर नहीं है। अगर सरकार ने कल शाम तक इस फैसले को वापस नहीं लिया तो वो पावरकॉम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर सिंह व जेबी सिंह चौधरी ने कहा कि तीन दिन के लगातार कट से इंडस्ट्री नहीं चल सकती। इंडस्ट्री को मजदूर से लेकर सारे खर्चे वहन करने पड़ेंगे। इंडस्ट्री पहले ही कोरोना काल की वजह से घाटे में चल रही है, ऐसे में पंजाब सरकार का यह फैसला इंडस्ट्री को भारी नुकसान पहुंचाएगा।