{"_id":"6238684db3fce5293f35147d","slug":"patiala-police-arrested-three-accused-of-car-robbing","type":"story","status":"publish","title_hn":"पटियाला: तीन आरोपी हथियारों समेत काबू, शंभू बॉर्डर पर वरना कार थी लूटी, बड़ी वारदात की रच रहे थे साजिश","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पटियाला: तीन आरोपी हथियारों समेत काबू, शंभू बॉर्डर पर वरना कार थी लूटी, बड़ी वारदात की रच रहे थे साजिश
Mon, 21 Mar 2022 05:33 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)
Published by: ajay kumar
Updated Mon, 21 Mar 2022 05:33 PM IST
सार
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस पार्टी ने एक गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को मर्दांपुर से शंभू जाते वक्त रेलवे लाइन पर नाकाबंदी के दौरान घन्नौर से आते समय काबू कर लिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जेल में बंद अपराधियों के साथ संबंध रखने वाले तीन ऐसे शातिर आरोपियों को पटियाला पुलिस ने हथियारों समेत काबू किया है, जिन्होंने पिछले दिनों शंभू बॉर्डर के नजदीक हाइवे पर पिस्तौल दिखाकर वरना कार लूटी थी। एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने सोमवार को यहां पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पकड़े आरोपियों से लूटी वरना कार और इस वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।
विज्ञापन
आरोपी निकट भविष्य में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में 27 वर्षीय 12वीं पास पवनदीप सिंह उर्फ पवन गरचा निवासी गांव बिलगा लुधियाना, 10वीं पास 23 वर्षीय मनविंदर सिंह उर्फ चमकौर सिंह निवासी गांव खापड़ खेड़ी थाना घरिंडा जिला अमृतसर और 35 वर्षीय रणजोध सिंह जोती निवासी गांव जवाहर सिंह वाला थाना निहाल सिंह वाला जिला मोगा शामिल हैं।
विज्ञापन
आरोपी पवनदीप के खिलाफ पहले से ही तीन, मनविंदर के खिलाफ पांच और रणजोध सिंह के खिलाफ पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं। आरोपियों के पास से छह कारतूस समेत दो पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि 28 फरवरी 2022 को आईसीआईसी बैंक की शाखा राजपुरा में बतौर डिप्टी मैनेजर/कैशियर तैनात अजायब सिंह निवासी देवीगढ़ ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि देर शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह शंभू बॉर्डर के नजदीक घग्गर सराय पुल पर खड़ा था तो एक स्विफ्ट कार उसकी कार के पीछे आकर रुकी। उसमें से दो नौजवान नीचे उतरे और एक ने रास्ता पूछने के बहाने पिस्तौल दिखाकर उसे कार की खिड़की से बाहर खींच लिया और दूसरे ने जमीन की तरफ फायर करके उसकी वरना कार लूट ली।
विज्ञापन
इस संबंध में थाना शंभू में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस पार्टी ने एक गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को मर्दांपुर से शंभू जाते वक्त रेलवे लाइन पर नाकाबंदी के दौरान घन्नौर से आते समय काबू कर लिया। एसएसपी के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपियों के जेलों में बंद खूंखार अपराधियों के साथ संबंध सामने आए हैं। पकड़े आरोपी हरियाणा से शराब लाकर चंडीगढ़ में बेचते थे और आने वाले दिनों में एक बड़ी वारदात की तैयारी में थे। इसके लिए ही आरोपियों ने वरना कार लूटी थी। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ में और खुलासे हो सकें।